City

जयपुर में सेना का लाइव ऑपरेशन डेमो: हेलिकॉप्टर, स्नाइपर, ड्रोन और टैंक से आतंकवादियों का सफाया

जयपुर में सेना ने लाइव ऑपरेशन डेमोंस्ट्रेशन बताया। हेलिकॉप्टर से नीचे उतरे जवानों ने मोर्चा संभाला। वहीं सेना के स्नाइपर ने निशाना लगाते हुए एक आतंकवादी को ढेर किया। नैनो ड्रोन की मदद से घर के अंदर छुपे आतंकवादियों की लोकेशन ट्रेस की गई। जवान गेट तक पहुंचे और तेज आवाज वाला ब्लास्ट कर आतंकवादियों को भ्रमित किया, ताकि वे घबरा जाएं। इसके तुरंत बाद जवान अंदर घुसते हैं और वीआईपी को सुरक्षित बाहर निकालते हैं।

सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन संस्थान में ‘Know Your Army’ यानी ‘अपनी सेना को जानें’ कार्यक्रम में गुरुवार को यह दिखाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। कार्यक्रम में सेना की ओर से ब्रिगेडियर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के आधुनिक हथियारों, सैन्य उपकरणों और युद्ध के दौरान इस्तेमाल होने वाली तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।

जयपुर में 15 जनवरी को 78वां आर्मी डे मनाया जाएगा। यह पहला मौका है जब आर्मी डे पर होने वाली मुख्य परेड सैन्य छावनी से बाहर आम लोगों के बीच सड़कों पर आयोजित की जा रही है। महल रोड जगतपुरा पर 1 जनवरी से लगातार इसकी रिहर्सल चल रही है, जिसे आमजन भी देख सकेंगे। आपात स्थिति में सेना किस तरह कार्रवाई करती है। इसे डेमोंस्ट्रेशन के जरिए काल्पनिक सीन में दिखाया गया, जिसमें वीआईपी को आतंकवादियों ने घेर लिया है। सूचना मिलते ही सेना के जवान मॉडर्न टेक्निक का इस्तेमाल करते हुए हेलिकॉप्टर के जरिए मौके पर पहुंचते हैं।

डेमोंस्ट्रेशन के दौरान दिखाया कि कैसे रस्सी के सहारे जवान हेलिकॉप्टर से नीचे उतरते हैं और इलाके में तैनाती लेते हैं। रोबोटिक डॉग और अलग-अलग इक्विपमेंट के जरिए पहले लोकेशन ट्रेस की गई। स्थिति की जानकारी जुटाई जाती है। जवान टीले और कवर की आड़ लेकर अपनी पोजिशन संभालते हैं।

डेमोंस्ट्रेशन में दिखाया कि बाहर पहले से तैनात दूसरी टुकड़ी को इशारा कर वीआईपी को गाड़ी में बैठाया जाता है। सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाता है। इसी दौरान एक आतंकवादी दूसरी दिशा से भागने की कोशिश करता है, जिसे सेना के डॉग ने पकड़ लिया। इसके बाद जवानों ने आतंकवादी को काबू में लेकर अरेस्ट किया। कार्यक्रम के दौरान दूसरा लाइव डेमोंस्ट्रेशन ड्रोन अटैक पर आधारित रहा। इसमें दिखाया गया कि किस तरह दुश्मन के ठिकानों को पहले ड्रोन की मदद से टारगेट किया जाता है। ड्रोन से सटीक अटैक के बाद टैंक यूनिट को एक्टिव किया गया। टैंकों ने आगे बढ़ते हुए दुश्मन के बंकरों पर फायर किया और उन्हें ध्वस्त कर दिया।

डेमोंस्ट्रेशन में बंकर तबाह होने के बाद दूसरी टैंक यूनिट मौके पर पहुंचती है। टैंकों से जवान बाहर निकलते हैं और इलाके को कवर करते हुए आगे बढ़ते हैं। इसके बाद सेना के जवानों ने बचे हुए दुश्मन के बंकरों को पूरी तरह नष्ट कर इलाके को अपने कब्जे में ले लिया। ऑपरेशन पूरा होने के बाद मौके पर तिरंगा झंडा फहराया गया, जिससे पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।

 आर्मी डॉग्स का स्पेशल ड्रिल शो आयोजित किया गया। इस दौरान डॉग्स अपने इंस्ट्रक्टर के इशारों पर अलग-अलग मूवमेंट करते नजर आए। ड्रिल में उनकी ट्रेनिंग, अनुशासन और ऑपरेशन के दौरान निभाई जाने वाली भूमिका को दिखाया गया, जिसे देखकर मौजूद लोग काफी प्रभावित हुए। भारतीय सेना की कार्यशैली, तकनीक और तैयारी को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड में ‘अपनी सेना को जानें’ प्रदर्शनी भी शुरू की गई है। यह प्रदर्शनी पांच दिन तक चलेगी। इसमें मिसाइल, ड्रोन, आर्मी टैंक और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में इस्तेमाल हुए हथियारों को सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक देखा जा सकेगा।