City

उदयपुर-सूरत के बीच दौड़ेगी नई वंदे भारत एक्सप्रेस: 2 अक्टूबर को उद्घाटन स्पेशल; 3 अक्टूबर से नियमित सेवा शुरू

उदयपुर: राजस्थान और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। उदयपुर शहर और गुजरात के प्रमुख औद्योगिक व टेक्सटाइल हब सूरत के बीच नई 'वंदे भारत एक्सप्रेस' ट्रेन शुरू की जा रही है। यह अत्याधुनिक ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन नियमित रूप से संचालित होगी।

इस नई सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच व्यापार, टेक्सटाइल कारोबार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।

 

कल 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रवाना होगी 'उद्घाटन स्पेशल'

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस बहुप्रतीक्षित नई वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ गांधी जयंती यानी कल 2 अक्टूबर 2026 को 'उद्घाटन स्पेशल' के रूप में किया जाएगा।

  • उद्घाटन स्पेशल का शेड्यूल: गाड़ी संख्या 09103 सूरत-उदयपुर सिटी उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 2 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे सूरत स्टेशन से रवाना होगी और शाम 17:40 (5:40) बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

  • 8 कोच का रैक: उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 8 कोच (मिनी वंदे भारत 2.0) के रैक के साथ चलाई जाएगी।

 

3 अक्टूबर से नियमित संचालन: जानें दोनों तरफ की समय-सारणी

उद्घाटन के तुरंत बाद 3 अक्टूबर 2026 से इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन का नियमित वाणिज्यिक संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

  • उदयपुर से सूरत (गाड़ी संख्या 26904): 3 अक्टूबर से हर मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन यह ट्रेन दोपहर 15:35 (3:35) बजे उदयपुर सिटी से रवाना होगी और रात 23:00 (11:00) बजे सूरत पहुंचेगी।

  • सूरत से उदयपुर (गाड़ी संख्या 26903): वापसी दिशा में 4 अक्टूबर से यह ट्रेन सूरत से सुबह 06:10 बजे रवाना होकर दोपहर 13:40 (1:40) बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

 

7:30 घंटे में पूरा होगा सफर, इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह ट्रेन करीब 690 किलोमीटर की दूरी महज 7 घंटे 30 मिनट में तय करेगी। यात्रा के दौरान दोनों तरफ यह ट्रेन भरूच, वडोदरा, आनंद, मणिनगर, असरवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे दक्षिण राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।