क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज इसी साल जून में शादी के बंधन में बंधेंगे। उनकी शादी काशी में होगी और रिसेप्शन अलीगढ़ में रखा जाएगा। परिवार ने राजनीतिक चर्चा से बचने के लिए मेहमानों की सूची छोटी रखी है।
पिछले साल 8 जून 2025 को लखनऊ में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। नवंबर 2025 और फरवरी 2026 में शादी की तारीखें तय हुई थीं, लेकिन क्रिकेट की व्यस्तताओं, जैसे T-20 वर्ल्ड कप और IPL, के कारण टल गईं। अब IPL फाइनल के बाद जून में शादी की योजना है, जिसमें 11 और 12 जून की तारीखों पर चर्चा हुई है। रिंकू के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया कि रिंकू के IPL से फ्री होने के बाद ही शहनाई बजेगी।
शादी में रिंकू सिंह की तरफ से करीब 10 से 12 खास रिश्तेदार ही शामिल होंगे, क्योंकि दूल्हा पक्ष के कई करीबी भाजपा से जुड़े हैं और दुल्हन खुद सपा सांसद हैं, इसलिए राजनीतिक गुटबाजी से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, रिंग सेरेमनी में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, शिवपाल यादव, इकरा हसन सहित 300 वीआईपी गेस्ट शामिल हुए थे। BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला, प्रवीण कुमार और गेंदबाज यश दयाल भी मौजूद थे।
रिंकू और प्रिया की लव स्टोरी लगभग दो साल पहले शुरू हुई थी। IPL 2023 में रिंकू के लगातार 5 छक्के लगाने के बाद एक सीनियर क्रिकेटर की दिल्ली में शादी में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। क्रिकेटर की पत्नी ने दोनों का परिचय कराया और वहीं से उनकी बातचीत शुरू हुई। प्रिया सरोज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA-एलएलबी किया है।
प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की एक भारतीय राजनीतिज्ञ और वकील हैं, जिन्हें मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से संसद सदस्य के रूप में चुना गया था, जो अनुसूचित जाति समुदाय के लिए आरक्षित है। रिंकू सिंह एक भारतीय क्रिकेटर हैं जो घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं।