IPL 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में कल यानी 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच भिड़ंत होनी है। इस बड़े मैच से पहले बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार और विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम पहुंचकर भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लिया। दोनों खिलाड़ियों ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और अपनी टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की।
पिछले सीजन (2025) में भी इन दोनों खिलाड़ियों ने इसी तरह तिरुपति जाकर मत्था टेका था, जो अब टीम के लिए एक नई परंपरा जैसा बनता जा रहा है।
प्रशंसकों की उमड़ी भीड़, मंदिर में ली सेल्फी
जब पाटीदार और जितेश मंदिर परिसर के भीतर थे, तो उन्हें देखने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला और खिलाड़ियों के दर्शन में कोई बाधा नहीं आने दी। इस दौरान खिलाड़ियों ने मंदिर समिति के पुजारियों के साथ सेल्फी भी ली और कुछ समय वहां बिताया।
रजत पाटीदार की कप्तानी में 'प्ले बोल्ड' आर्मी ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार तरीके से की है। उन्होंने अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को हराकर दबदबा बनाया था। इस जीत के बाद टीम को 7 दिनों का लंबा ब्रेक मिला है। अब अपना दूसरा मैच भी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई के खिलाफ खेलेंगे।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस सीजन की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK को अपने शुरुआती दोनों मैचों में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है।
RCB और CSK के बीच होने वाले इस मुकाबले को 'साउदर्न डर्बी' कहा जाता है, जिसमें दोनों शहरों की प्रतिष्ठा दांव पर होती है। अगर इतिहास की बात करें तो चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है।
दोनों के बीच हुए कुल 36 मैचों में से चेन्नई ने 22 जीते हैं, जबकि बेंगलुरु को 13 में जीत मिली है। वहीं, एक मैच बिना रिजल्ट का रहा। हालांकि, हालिया रिकॉर्ड बेंगलुरु के पक्ष में जाता दिख रहा है। पिछले 4 मुकाबलों में RCB ने 3-1 की बढ़त बना रखी है।