आईपीएल 2026 का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है, जिसमें पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। सीजन शुरू होने से पहले ही 10 खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं या शुरुआती मैचों में अनुपलब्ध रहेंगे।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है। 28 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दुबे, आकाश दीप की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर होने के बाद टीम में आए हैं। सौरभ दुबे विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और पहले सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है। पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता सुब्रतो बनर्जी ने दुबे को प्रतिभाशाली गेंदबाज बताया है, जो गेंद से स्विंग कराने के साथ पिच से अतिरिक्त उछाल भी हासिल करते हैं। दुबे पिछले साल दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे, उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपए थी।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन की जगह दसुन शनाका को टीम से जोड़ा है।
KKR ने अभी तक हर्षित राणा और मथीशा पथिराना के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है। टीम के एक अधिकारी के अनुसार, हर्षित राणा के विकल्प पर कोई फैसला नहीं लिया गया है क्योंकि राणा के स्तर का कोई भारतीय विकल्प फिलहाल उपलब्ध नहीं है। हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण भारत के टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए थे और उन्हें पूरी तरह फिट होने में समय लगेगा। राणा ने IPL 2024 में 19 और 2025 में 15 विकेट लिए थे।
श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना भी चोट के कारण फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं, हालांकि KKR उन्हें रिप्लेस नहीं करना चाहती, फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दौरान किसी समय टीम से जुड़ सकते हैं। KKR ने मेगा ऑक्शन में पथिराना को 18 करोड़ रुपए में खरीदा था। हाल ही में उनके मैनेजर द्वारा KKR जर्सी में साझा की गई एक तस्वीर से उनके टूर्नामेंट में खेलने की उम्मीद बढ़ गई है।