Cricket

राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान बने रियान पराग

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के लिए युवा बल्लेबाज रियान पराग को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। रॉयल्स मैनेजमेंट ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

रॉयल्स प्रबंधन ने बताया- रियान की टीम में मौजूदगी एक खिलाड़ी से लीडर तक उनके सफर को दर्शाती है। पिछले कुछ सालों में उन्होंने मैदान पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। वह ड्रेसिंग रूम में भी मजबूत नेतृत्व की आवाज के रूप में उभरे हैं। फ्रेंचाइजी का मानना है कि टीम में पहले से मौजूद अनुभवी खिलाड़ियों का नेतृत्व समूह रियान को पूरा समर्थन देगा।

दो महीने चली विचार प्रक्रिया

रॉयल्स प्रबंधन ने यह निर्णय IPL नीलामी के बाद पिछले दो महीनों में चली एक प्लानिंग और प्रोसेस का रिजल्ट है। इस दौरान खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और प्रबंधन के बीच हर पहलू पर चर्चा हुई। ताकि IPL 2026 और भविष्य के लिए टीम की दिशा और नेतृत्व शैली पर सहमति बनाई जा सके।

रियान के साथ ही राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन ने रविन्द्र जडेजा और यशस्वी जयसवाल को भी टीम के कप्तान के लिए शॉर्ट लिस्ट किया था। तीनों खिलाड़ियों का अलग-अलग स्तर पर कप्तान को लेकर इंटरव्यू भी हुआ था।

बता दें कि आईपीएल 2019 से टीम का हिस्सा रहे रियान पराग राजस्थान रॉयल्स प्रणाली से निकले और सबसे लंबे समय से जुड़े भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं। एक युवा प्रतिभा के रूप में शुरुआत करने वाले रियान अब टीम के वरिष्ठ सदस्यों में गिने जाते हैं। पिछले सीजन में भी रियान राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाल चुके है।

मेरे घर जैसा है राजस्थान

कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद रियान पराग ने कहा- राजस्थान रॉयल्स मेरे लिए पहले दिन से घर जैसा रहा है। इस फ्रेंचाइजी ने मुझ पर भरोसा किया और मुझे लगातार बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया। इस टीम की कप्तानी करना मेरे लिए बेहद खास है।