दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में कुछ बड़े नामों की वापसी हुई है, तो कुछ खिलाड़ियों के चयन पर अब भी फिटनेस की तलवार लटकी हुई है।
शुभमन कप्तान और श्रेयस बने उप-कप्तान
टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई है, जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में गर्दन की चोट (Neck Spasm) के कारण बाहर थे। उनके साथ श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है। हालांकि, श्रेयस की उपलब्धता पूरी तरह से उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से फिटनेस क्लियरेंस मिलना बाकी है।
विराट-रोहित की जोड़ी और मजबूत टॉप ऑर्डर
कप्तान शुभमन गिल की वापसी से ओपनिंग जोड़ी एक बार फिर स्थिर हो गई है। गिल पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। वहीं, नंबर-3 पर रन मशीन विराट कोहली मोर्चा संभालेंगे। कोहली शानदार फॉर्म में हैं और पिछली 4 वनडे पारियों में उन्होंने हर बार 50 से अधिक रन (जिसमें 2 शतक शामिल हैं) बनाए हैं।
मिडिल ऑर्डर का गणित: पंत या श्रेयस?
अगर श्रेयस अय्यर फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं, तो वह नंबर-4 पर पहली पसंद होंगे। वह अपने 3000 वनडे रनों से मात्र 83 रन दूर हैं। लेकिन यदि वे अनफिट रहते हैं, तो अनुभवी ऋषभ पंत को इस महत्वपूर्ण पोजीशन पर मौका मिल सकता है। विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल नंबर-5 या 6 पर फिनिशर की भूमिका में दिखेंगे।
ऑलराउंडर्स और बॉलिंग कॉम्बिनेशन
निचले क्रम में बड़े शॉट्स खेलने के लिए नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया गया है। वे मीडियम पेस बॉलिंग का विकल्प भी देते हैं। टीम में रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के रूप में दो मुख्य स्पिन ऑलराउंडर हैं, हालांकि पिछले कुछ मैचों में उनके बड़े शॉट्स लगाने की क्षमता पर सवाल उठे हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है, जो हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ पेस अटैक को मजबूती देंगे।