नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें अब नीदरलैंड जैसी टीम भी धूल चटा दे. ये हम नहीं कह रहे, बल्कि उनके अपने ही लोगों का कहना है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में घटिया प्रदर्शन करने के बाद पाकिस्तान की खूब आलोचना हुई, लेकिन टीम है कि मानने को तैयार नहीं. बांग्लादेश से वनडे सीरीज हारकर पाकिस्तान ने एक बार फिर लोगों को आलोचना करने का मौका दे दिया. बस फिर क्या था एक-एक करके पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स पीसीबी से लेकर खिलाड़ियो तक पर बरस पड़े. पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने तो सीधा मोहसिन नकवी पर ही हमला बोल दिया.
ढाका में खेले गए तीसरे वनडे में हार के साथ ही पाकिस्तान ने बांग्लादेश से सीरीज 2-1 से गंवा दी. इस हार के बाद पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की आलोचना के साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर भी तंज कसा है. पाकिस्तान में क्रिकेट से जुड़े एक टीवी शो पर कामरान अकमल ने कहा, ‘पाकिस्तान टीम की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि नीदरलैंड भी हरा सकती है. नीदरलैंड भी सोच रही होगी कि अगर उसे पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेलने का मौका मिले, तो वह हमें हरा सकता है. हमारा स्तर बहुत गिर चुका है. खुदा के लिए पाकिस्तान क्रिकेट के बारे में सोचिए. आपने अपने क्रिकेट का मजाक बना दिया है.’