Entertainment

समीर वानखेड़े को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका

दिल्ली हाई कोर्ट ने आर्यन खान ड्रग केस के जांच अधिकारी रहे समीर वानखेड़े की याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के खिलाफ आपत्ति जताई थी. अदालत ने गुरुवार को अपने फैसले में कहा कि इस मामले की सुनवाई करने का उसके पास अधिकार नहीं है. हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि समीर वानखेड़े चाहें तो उचित अदालत में दोबारा याचिका दायर कर सकते हैं.

अंतरिम याचिका पर फैसला सुनाते हुए अदालत ने दो अहम सवालों पर विचार किया:
1. क्या यह मुकदमा दिल्ली में सुनवाई योग्य है?
2. क्या सीरीज में समीर वानखेड़े का चित्रण प्रथम दृष्टया उनके लिए कानूनी रूप से नुकसानदेह है?

समीर वानखेड़े के वकील जे. साई दीपक ने दलील दी थी कि यह मामला दिल्ली में सुनवाई योग्य है क्योंकि वानखेड़े से जुड़े विभागीय मामले दिल्ली में लंबित हैं और उनके खिलाफ खबरें प्रकाशित करने वाले मीडिया संस्थान भी दिल्ली में स्थित हैं. दीपक ने यह भी कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच पहले से ही विवाद रहा है और सीरीज का निर्देशक वही व्यक्ति है जिसे पहले गिरफ्तार किया गया था. उन्होंने दावा किया कि सीरीज निर्माताओं की नाराजगी और बदले की भावना का सीधा संबंध उस कथित मानहानि से है, जिसका सामना वानखेड़े को इस कंटेंट की वजह से करना पड़ा.

वानखेड़े ने इस मुकदमे में 2 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग की थी, जिसे वह टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल में कैंसर मरीजों के इलाज के लिए दान करना चाहते थे.

विवाद का कारण सीरीज के पहले एपिसोड में दिखाया गया एक सीन है, जिसमें बॉलीवुड सेलेब्स की सक्सेस पार्टी के बाहर एक अधिकारी को ड्रग का सेवन कर रहे लड़के को गिरफ्तार करते दिखाया गया है. इस किरदार को समीर वानखेड़े से काफी मिलता-जुलता दिखाया गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भी उस किरदार की तुलना समीर वानखेड़े से हुई थी.

आर्यन खान ड्रग केस में समीर वानखेड़े की भूमिका:
2 अक्टूबर 2021 को नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने गोवा जा रहे कोर्डिएला क्रूज से आर्यन खान और उनके दोस्तों को ड्रग लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था. तत्कालीन जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े की टीम ने पैसेंजर बनकर शिप पर छापेमारी की थी, जिसमें कोकीन और चरस सहित दूसरे ड्रग्स जब्त किए गए थे. आर्यन खान को इस मामले में कई हफ्तों तक आर्थर रोड जेल में रखा गया था और 30 अक्टूबर को उन्हें रिहा किया गया. 27 मई, 2022 को आर्यन खान और 5 अन्य को पर्याप्त सबूत के अभाव में क्लीन चिट दे दी गई थी. इस रेड के चलते समीर वानखेड़े भी जांच के दायरे में आ गए थे और उस समय उनकी तथा शाहरुख खान के बीच हुई चैट भी पेश की गई थी, जिसमें शाहरुख, समीर वानखेड़े से मदद मांग रहे थे.

'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से जुड़े अन्य विवाद:
इस सीरीज में कई बॉलीवुड एक्टर्स ने कैमियो किया है. इसके 7वें एपिसोड में रणबीर कपूर को ई-सिगरेट पीते दिखाया गया है, जिसके बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है. विनय जोशी नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि शो में रणबीर कपूर ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते दिखे, लेकिन इस दौरान किसी तरह की हेल्थ वॉर्निंग या डिस्क्लेमर नहीं दिया गया. इस शिकायत के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय को नोटिस भेजकर ऐसे कंटेंट को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है, क्योंकि आयोग का मानना है कि इस तरह के सीन युवा दर्शकों पर गलत असर डाल सकते हैं.