साउथ एक्ट्रेस तृषा कृष्णन इन दिनों थलापति विजय से नाम जुड़ने के कारण सुर्खियों में हैं। थलापति विजय और तृषा की एक वेडिंग रिसेप्शन में साथ में शिरकत करने की खबरों के बाद यह विवाद शुरू हुआ। फिल्ममेकर आर. पार्थिबन ने तृषा की तस्वीर देखकर टिप्पणी की थी कि उन्हें कुछ दिनों तक घर पर ही रहना चाहिए, जिस पर एक्ट्रेस ने नाराजगी जताई है।
तृषा ने हाल ही में अपने आधिकारिक X अकाउंट पर बिना किसी का नाम लिए पार्थिबन को फटकार लगाई थी। उन्होंने लिखा था कि उन्हें इवेंट के ऑर्गेनाइजर ने बताया कि उनका नाम और तस्वीर आखिरी समय पर किसी व्यक्ति के अनुरोध पर, उसके सहायक के माध्यम से शामिल की गई थी। तृषा ने आगे कहा कि माइक पर बोलने से कोई बात समझदार या मजेदार नहीं बन जाती, वह सिर्फ बेवकूफी को जोर से सुनाती है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना जानकारी के कही गई बुरी बातें सामने वाले के बारे में नहीं, बल्कि बोलने वाले के बारे में ज्यादा बताती हैं।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब आर. पार्थिबन बाफ्टा अवॉर्ड में पहुंचे थे और उनसे उन एक्टर्स के बारे में सवाल किए गए जिनके साथ वे पहले काम कर चुके हैं। जब उन्हें तृषा कृष्णन की तस्वीर दिखाई गई, तो उन्होंने हाल ही में विजय के साथ वायरल तस्वीरों पर तंज कसते हुए कहा था, 'इसे कुछ दिनों तक घर पर ही रखना चाहिए, अगर वो बाहर न निकले तो ज्यादा अच्छा होगा, क्योंकि इससे बहुत सारी समस्याएं हो रही हैं।'
तृषा की पोस्ट सामने आने के बाद आर. पार्थिबन ने आधिकारिक तौर पर माफी मांगी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से लिखा है, 'क्या हो गया? सब कुछ गलत हो गया है। अब कोई रास्ता नहीं बचा, सिवाय पछताने के।'