Entertainment

'द ग्रेट कपिल शर्मा शो': सुनील ग्रोवर की मिमिक्री देख दंग रह गए आमिर खान, कहा- "खुद को देख रहा हूं"

मुंबई: कॉमेडियन सुनील ग्रोवर अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और किरदारों में जान फूंकने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में 'द ग्रेट कपिल शर्मा शो' के एक एपिसोड में सुनील ने मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान का गेटअप लिया और उनकी ऐसी मिमिक्री की कि खुद आमिर खान भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

 

"हंसते-हंसते सांस लेना मुश्किल हो गया"
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत के दौरान आमिर खान ने सुनील ग्रोवर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैं इसे मिमिक्री भी नहीं कहूंगा। यह इतना असली था कि मुझे लगा मैं खुद को ही देख रहा हूं। मैंने इसका एक छोटा-सा क्लिप देखा है और अब मैं पूरा एपिसोड देखने वाला हूं। वह पल अनमोल था; मैं इतना हंसा कि मेरे लिए सांस लेना तक मुश्किल हो गया था।"

 

बुरा मानने के सवाल पर आमिर का जवाब
अक्सर सेलिब्रिटी अपनी मिमिक्री पर असहज हो जाते हैं, लेकिन आमिर के साथ ऐसा नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें सुनील के एक्ट से जरा भी बुरा नहीं लगा। आमिर ने कहा, "इसमें बिल्कुल भी कोई बुरी नीयत नहीं थी। मैं तो खुद सबसे ज्यादा हंसा।"

 

जया बच्चन और पैपराजी पर ली चुटकी
इस एक्ट के दौरान सुनील ग्रोवर ने न केवल आमिर की नकल उतारी, बल्कि जया बच्चन के पैपराजी पर दिए गए मशहूर बयान पर भी फिरकी ली। दरअसल, जया बच्चन ने एक बार पैपराजी के कपड़ों (पेंट) पर कमेंट किया था। सुनील ने आमिर बनकर एयरपोर्ट लुक के दौरान पैप्स से कहा, "कपड़े अच्छे पहने हुए हैं तुमने। पेंट तुम्हारी अच्छी है आज।"

 

एयरपोर्ट लुक और AI से तुलना
शो के इस खास एपिसोड में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे अपनी फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। सुनील ग्रोवर ने ठीक वैसे ही कपड़े पहने थे, जैसे आमिर खान अक्सर एयरपोर्ट पर पहनते हैं। सोशल मीडिया पर फैंस सुनील की इस कला की तुलना AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से कर रहे हैं, क्योंकि उनका अंदाज हुबहू असली लग रहा था।