India

सोनम वांगचुक के अनशन पर आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी: कहा- 'उनकी सेहत की चिंता है', पर '3 इडियट्स' को लेकर किया बड़ा दावा

दिल्ली: लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल करने और पर्यावरण संरक्षण की मांगों को लेकर पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक का आमरण अनशन पिछले करीब तीन हफ्तों से जारी है। इस बीच, सोशल मीडिया पर लंबे समय से जारी तीखी आलोचनाओं और चुप्पी पर उठ रहे सवालों के बाद, बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने पहली बार इस गंभीर मुद्दे पर अपना बयान दिया है।

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल (LIFF) में अपनी आइकॉनिक फिल्म 'लगान' की स्क्रीनिंग के दौरान आमिर खान ने कहा कि उन्हें सोनम वांगचुक की गिरती सेहत को लेकर बेहद चिंता है और वे उम्मीद करते हैं कि यह अनशन जल्द समाप्त होगा। हालांकि, इसके साथ ही आमिर ने एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' का मुख्य किरदार 'फुनसुक वांगडू' सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं है।

 

लंदन फिल्म फेस्टिवल में महिला के सवाल पर आमिर का जवाब: 'फिल्म बनते वक्त मैं सोनम को जानता भी नहीं था'

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के दौरान एक महिला दर्शक ने आमिर खान से सवाल पूछते हुए कहा, "हम जब बड़े हो रहे थे, तब हम पर आपका गहरा असर रहा। आप भी सोनम वांगचुक से इंस्पायर (प्रेरित) हुए हैं।"

इस बात पर महिला को बीच में ही टोकते हुए आमिर खान ने कहा:

"नहीं, यह पूरी तरह से एक गलत धारणा है। जब '3 इडियट्स' फिल्म बन रही थी, तब मैं सोनम वांगचुक को जानता तक नहीं था। हाल ही में मैंने चतुर (ओमी वैद्य) का एक वीडियो देखा, लेकिन वे गलत कह रहे हैं। न तो निर्देशक राजकुमार हिरानी, न हमारे लेखक अभिजात जोशी और न ही मैं उस वक्त सोनम के बारे में कुछ जानते थे। हालांकि, सोनम वांगचुक जो भी काम कर रहे हैं, वह हर तरह से सही है और हमें उनके काम व उनके प्रयासों की पूरी इज्जत करनी चाहिए। खुद सोनम भी कई बार सार्वजनिक मंचों पर कह चुके हैं कि 3 इडियट्स का किरदार उन पर नहीं बना है।"

 

वांगचुक की सेहत पर जताई चिंता- 'उम्मीद है सब अच्छे से खत्म होगा'

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए आमिर खान ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आगे कहा, "इस समय हर कोई लद्दाख में उनके स्वास्थ्य और उनकी जिंदगी को लेकर बेहद चिंतित है। हम सभी को यही उम्मीद है कि यह पूरा घटनाक्रम अच्छे से समाप्त होगा। हम सब यही प्रार्थना कर रहे हैं कि वे जल्द अपना अनशन खत्म करें और अपनी सेहत का पूरा ध्यान रखें।"

आमिर के दावे पर उठे सवाल, पुराने वीडियो हुए वायरल: 2008 में मुलाकात और अवॉर्ड शो का सच आया सामने

आमिर खान द्वारा सोनम वांगचुक को फिल्म रिलीज से पहले न जानने के दावे के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर दो पुराने वीडियो तेजी से वायरल होने लगे हैं, जो आमिर के इस बयान पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं:

  • जोश टॉक्स का वीडियो (2008 की मुलाकात): सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पुराने 'जोश टॉक्स' (Josh Talks) के वीडियो में खुद सोनम वांगचुक यह दावा करते दिख रहे हैं कि साल 2008 में (फिल्म 3 इडियट्स के रिलीज होने से एक साल पहले) उनकी और आमिर खान की बकायदा मुलाकात हुई थी।

  • 'गजनी' लुक में आमिर का वीडियो: इसके अलावा एक और पुराना वीडियो सामने आया है, जिसमें सोनम वांगचुक एक मंच पर खड़े होकर प्रतिष्ठित अवॉर्ड ले रहे हैं और अपनी स्पीच (भाषण) दे रहे हैं। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि आमिर खान दर्शकों की अग्रिम पंक्ति (front row) में बैठकर सोनम वांगचुक की स्पीच को बेहद ध्यान से सुन रहे हैं। खास बात यह है कि इस वीडियो में आमिर खान अपनी फिल्म 'गजनी' (जो दिसंबर 2008 में रिलीज हुई थी) के शॉर्ट हेयरकट वाले लुक में नजर आ रहे हैं, जिससे यह साफ होता है कि यह वीडियो दिसंबर 2009 में रिलीज हुई '3 इडियट्स' से काफी पहले का है।

Similer Posts