India

चंडीगढ़-पंजाब दौरे पर पीएम मोदी, 10 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास; बोले- चंडीगढ़ का विकास तीन राज्यों को देता है फायदा

चंडीगढ़/जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने विकास परियोजनाओं की सौगात दी और स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा बुनियादी ढांचे को लेकर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। चंडीगढ़ में उन्होंने 10 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद वे पंजाब के जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत में योजनाबद्ध विकास का एक सफल मॉडल है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के विकास का लाभ केवल शहर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश को भी इसका फायदा मिलता है। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में चंडीगढ़ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पीजीआई आज पूरे उत्तर भारत के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य संस्था बन चुकी है।

प्रधानमंत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वह चंडीगढ़ में रहते थे, तब पीजीआई में अक्सर जाना होता था क्योंकि उनके साथियों के परिवार इलाज के लिए वहां आते थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में पीजीआई के दीक्षांत समारोह में आने का अवसर मिला था और तब से लेकर अब तक संस्थान की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब दुनिया भारत के स्वास्थ्य ढांचे को लेकर चिंता जताती थी, लेकिन आज भारत मेडिकल टूरिज्म का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भारत मदद मांगने वाला देश नहीं था, बल्कि दुनिया के कई देशों को सहायता पहुंचाने वालों में शामिल था।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 15 नए एम्स स्थापित किए जा चुके हैं और देश में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 818 से अधिक हो गई है और आने वाले वर्षों में 75 हजार नई यूजी और पीजी सीटें जोड़ी जाएंगी।

पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार ने देश को खुले में शौच से मुक्त बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों की सफाई को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया है। उन्होंने चंडीगढ़ के आईपीएस अधिकारी इंद्रजीत सिंह सिद्धू की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया है।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी परियोजनाओं पर पिछले वर्षों में 2,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चंडीगढ़ के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है।

हालांकि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां उस समय अलर्ट हो गईं जब पंजाब और हरियाणा सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस कंट्रोल रूम में आए फोन कॉल के बाद पूरे परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा जांच शुरू की गई। एहतियातन राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के कमांडो भी तैनात किए गए।

उधर, प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे के मद्देनजर लुधियाना में कुछ राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेताओं को हिरासत में लिया गया। शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय प्रधान संजीव घनौली ने पहले प्रधानमंत्री के काफिले का विरोध करने का ऐलान किया था। वहीं पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभम शर्मा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच संचालित की जाएगी। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन शुरू करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है।

प्रधानमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए केंद्र सरकार राज्य में विकास परियोजनाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी मौजूदगी मजबूत करने का प्रयास कर रही है।