डॉ. दीपक माहेश्वरी को राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ एंड साइंसेज (RUHS) के अधीन RUHS अस्पताल में कंट्रोलर का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद वहां सुविधाओं का तेजी से विस्तार शुरू हो गया है। मरीजों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए, डॉ. माहेश्वरी ने किडनी, लिवर, पेशाब, ब्लड और न्यूरो से जुड़ी बीमारियों के लिए स्पेशल ओपीडी शुरू करने का फैसला लिया है। अब इन बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ये स्पेशल ओपीडी सप्ताह में 6 दिन अलग-अलग विभागों के एक्सपर्ट डॉक्टरों द्वारा चलाई जाएंगी, जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि मरीजों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए, एसएमएस के हर डिपार्टमेंट (जैसे नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, CTVS, एंडोक्राइनोलॉजी आदि) से एक-एक यूनिट की ओपीडी RUHS में हर हफ्ते चलाने का निर्णय लिया गया है। यह नई सुविधा 15 फरवरी से शुरू हो जाएगी और इससे हजारों मरीजों को फायदा पहुंचेगा।
ओपीडी का शेड्यूल इस प्रकार है:
* सोमवार: रीनल क्लीनिक – नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी के डॉक्टर किडनी और पेशाब संबंधी समस्याएं संभालेंगे।
* मंगलवार: कार्डिक क्लीनिक – कार्डियोलॉजी और CTVS के एक्सपर्ट हृदय रोगों का इलाज करेंगे।
* बुधवार: नर्व क्लीनिक – न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के डॉक्टर दिमाग और नसों से जुड़ी बीमारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
* गुरुवार: हार्मोन क्लीनिक – एंडोक्राइनोलॉजी और मेडिसिन के एक्सपर्ट डॉक्टर हार्मोन इम्बैलेंस का समाधान देंगे।
* शुक्रवार: पेन क्लीनिक – PMR और पेलेटिव मेडिसिन के डॉक्टर रहेंगे।
* हर माह के पहले और दूसरे शनिवार को: इम्यूनोलॉजी क्लीनिक चलेगी।
* तीसरे और चौथे शनिवार को: हिमेटोलॉजी क्लीनिक चलेगी, जिसमें ब्लड से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए डॉक्टर्स बैठेंगे।
इसके साथ ही, जयपुर का सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज दुनिया में सबसे ज्यादा बेड क्षमता वाला मेडिकल संस्थान बनने को तैयार है। एसएमएस से संबद्ध अस्पतालों में 7 प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। प्रशासन का दावा है कि इन प्रोजेक्टों के पूरा होते ही, SMS और इससे संबद्ध अस्पतालों की कुल बेड क्षमता करीब 9500 हो जाएगी, जो विश्व के किसी भी मेडिकल कॉलेज में सर्वाधिक होगी।