नागौर जिले के मारवाड़ मूंडवा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में कई यात्रियों को मधुमक्खियों ने डंक मारे, वहीं दो महिलाओं को सैकड़ों मधुमक्खियों ने घेर लिया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं काफी देर तक शॉल और चद्दर ओढ़कर मधुमक्खियों से बचने की कोशिश करती दिखीं। एक महिला को दूसरे यात्रियों ने एक और चद्दर फेंककर मदद की।
सूचना मिलने पर मूंडवा अस्पताल से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने पीपीई किट पहनकर दोनों महिलाओं को रेस्क्यू किया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हमले के बाद, जिन यात्रियों को यात्रा करनी थी, वे डर के मारे अपने मुंह और शरीर को ढककर टिकट लेते हुए दिखाई दिए।