रिपोर्ट के अनुसार, 20 जुलाई से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Instagram पोस्ट पर औसतन 11.9 लाख एंगेजमेंट मिल रहे थे। प्रदर्शन के बाद यह आंकड़ा बढ़कर करीब 46.3 लाख प्रति पोस्ट पहुंच गया।
यानी पीएम मोदी के औसत Instagram एंगेजमेंट में 289.9 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई। आंकड़ों के लिहाज से यह चारों राजनीतिक अकाउंट्स में सबसे बड़ा उछाल बताया गया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के Instagram अकाउंट पर भी एंगेजमेंट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। 20 जुलाई से पहले उनके एक पोस्ट पर औसतन करीब 1.52 लाख एंगेजमेंट मिल रहे थे। इसके बाद यह बढ़कर करीब 4.26 लाख हो गया।
राहुल गांधी के औसत एंगेजमेंट में 180.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने युवाओं और छात्रों से सीधे जुड़ने के लिए Instagram पर AMA यानी ‘Ask Me Anything’ सेशन में हिस्सा लिया। इसके अलावा छात्रों के साथ बातचीत से जुड़े वीडियो और रील्स भी साझा किए।
डेटा बीइंग्स के मुताबिक, 20 जुलाई को नई दिल्ली में CJP की ओर से निकाले गए ‘संसद चलो’ मार्च और उसके बाद पुलिस के साथ हुए टकराव के बाद राजनीतिक Instagram अकाउंट्स की गतिविधियों में बदलाव दिखाई दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, 20 जुलाई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, कांग्रेस और भाजपा—चारों के Instagram अकाउंट्स पर प्रति पोस्ट औसत एंगेजमेंट में बढ़ोतरी हुई।
पीएम मोदी की ओर से युवाओं तक सीधे पहुंच बनाने के लिए Instagram पर लगातार रील्स पोस्ट की गईं। इनमें कुछ पोस्ट देर रात भी साझा किए गए।
राजनीतिक दलों के Instagram अकाउंट्स की बात करें तो कांग्रेस के औसत एंगेजमेंट में भी बढ़ोतरी हुई। 20 जुलाई से पहले कांग्रेस के एक पोस्ट पर औसतन करीब 50 हजार एंगेजमेंट मिल रहे थे, जो बाद में बढ़कर करीब 72 हजार हो गए।
इस तरह कांग्रेस के औसत Instagram एंगेजमेंट में 43.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
भाजपा के Instagram अकाउंट पर भी लोगों की सक्रियता बढ़ी। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 जुलाई से पहले भाजपा के एक पोस्ट पर औसतन करीब 25 हजार एंगेजमेंट मिलते थे। प्रदर्शन के बाद यह आंकड़ा बढ़कर करीब 34 हजार हो गया।
भाजपा के औसत एंगेजमेंट में 37.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि CJP प्रदर्शन के बाद राजनीतिक दलों और नेताओं ने सोशल मीडिया, खासकर Instagram पर अपनी सक्रियता बढ़ाई। रील्स, छात्रों से बातचीत, AMA सेशन और सीधे संवाद वाले कंटेंट के जरिए युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश तेज हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, PM मोदी और राहुल गांधी के व्यक्तिगत अकाउंट्स पर एंगेजमेंट में सबसे बड़ा उछाल देखने को मिला, जबकि कांग्रेस और भाजपा के आधिकारिक अकाउंट्स पर भी पोस्ट की पहुंच और लोगों की सक्रियता बढ़ी।