Politics

नागौर सभापति चुनाव में भाजपा की अंदरूनी खींचतान, पार्टी के सामने अपनी ही पार्षद की चुनौती

नागौर नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन के अंतिम दिन भाजपा के भीतर दोहरी दावेदारी सामने आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया। भाजपा ने वार्ड नंबर 33 से विजयी पार्षद संतोष टांक को सभापति पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। वहीं, भाजपा की ही वार्ड नंबर 17 से निर्वाचित पार्षद और पूर्व सभापति की पत्नी रमा सांखला ने भी सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया।

संतोष टांक के नामांकन में विधायक-जिलाध्यक्ष मौजूद

भाजपा प्रत्याशी संतोष टांक ने नागौर नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी गोविंद सिंह भींचर के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया, खींवसर विधायक रेवंत राम डांगा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं रमा सांखला ने सभापति पद के लिए दो नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें एक भाजपा और दूसरा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर बताया जा रहा है। रमा सांखला के मैदान में आने के बाद भाजपा के भीतर संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जिलाध्यक्ष बोले- रमा के नामांकन की जानकारी नहीं

रमा सांखला के नामांकन को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और वे इस संबंध में पता करेंगे। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर हैं कि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद भाजपा की ओर से कौन मैदान में रहता है।

कांग्रेस से दीपक सैनी ने भरा पर्चा

कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 39 से विजयी पार्षद दीपक सैनी ने भी सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उन्होंने दोपहर करीब 2 बजे रिटर्निंग अधिकारी गोविंद सिंह भींचर के समक्ष पर्चा पेश किया।

दीपक सैनी के नामांकन के दौरान कांग्रेस के स्थानीय प्रमुख नेता नजर नहीं आए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा और नागौर विधायक हरेंद्र मिर्धा भी मौके पर मौजूद नहीं रहे।

तीन उम्मीदवारों ने जमा किए पांच फॉर्म

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने तक नागौर नगर परिषद सभापति पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने कुल पांच नामांकन पत्र जमा किए हैं। अब गुरुवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। इसी दिन नाम वापस लेने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसके बाद चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट होगी।

बासनी में कांग्रेस और RLP के उम्मीदवार

उधर बासनी नगरपालिका चेयरमैन पद के लिए कांग्रेस ने मोहम्मद खुर्शीद को प्रत्याशी बनाया है। खुर्शीद कुम्हारी गांव के पूर्व सरपंच रह चुके हैं। वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने इमरान को अपना उम्मीदवार बनाया है। इमरान पूर्व मंत्री हबीबुर रहमान अशरफी लाम्बा के पुत्र हैं।