जयपुर: राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के लंबे समय से प्रतीक्षित प्रमोशन का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने आदेश जारी कर राजस्थान के 16 आरएएस अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत कर दिया है। आईएएस बनने वाले इन अधिकारियों में आरएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी, मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव अंजू राजपाल और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक उम्मेद सिंह भी शामिल हैं।
इस बार चयन प्रक्रिया में एक नया बदलाव देखने को मिला था:
जयपुर में बैठक: पिछले महीने आरएएस से आईएएस में प्रमोशन के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) बोर्ड की बैठक आमतौर पर दिल्ली में होती है, लेकिन इस बार यह ऐतिहासिक बैठक पहली बार जयपुर में आयोजित की गई।
चयनित पदोन्नति: इस बोर्ड बैठक में 18 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए गए थे, जिनमें से 2025 की रिक्तियों के आधार पर अंततः 16 योग्य अफसरों को आईएएस कैडर में प्रमोट किया गया है। सभी को राजस्थान कैडर आवंटित किया गया है।
प्रशासनिक गलियारों से मिल रही जानकारी के अनुसार, तत्काल प्रभाव से फेरबदल के आसार नहीं हैं:
वर्तमान पदों पर रहेंगे कार्यरत्: फिलहाल सभी प्रमोट हुए अधिकारी अपने मौजूदा पदों पर ही सेवाएं देते रहेंगे।
आचार संहिता का असर: राज्य में चल रहे पंचायतीराज चुनावों की आचार संहिता लागू होने के कारण अभी नई तबादला सूची जारी होने की संभावना नहीं है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आईएएस और आरएएस अधिकारियों की संयुक्त ट्रांसफर लिस्ट आएगी, जिसके बाद प्रमोट हुए अफसरों को नई पोस्टिंग सौंपी जाएगी।
सूची में 1998 और 1999 बैच के वरिष्ठ आरएएस अधिकारी शामिल हैं:
उम्मेद सिंह (1998 बैच): वर्तमान में उद्योग एवं वाणिज्य, युवा मामले और खेल विभाग के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विशिष्ट सहायक (SA) के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले चूरू, बूंदी और महवा में एसडीएम रह चुके हैं।
अंजू राजपाल (1998 बैच): वर्तमान में मुख्यमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वे कार्मिक विभाग में संयुक्त सचिव और लोकायुक्त में ओएसडी भी रह चुकी हैं।
विवेक कुमार (1998 बैच): वर्तमान में जयपुर में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के अतिरिक्त महानिरीक्षक (प्रशासन) हैं। वे भी पूर्व में मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव रह चुके हैं।
महावीर खराड़ी (1998 बैच): आरएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी वर्तमान में उदयपुर में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अतिरिक्त आयुक्त पद पर सेवाएं दे रहे हैं।