कोटा: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दीया कुमारी ने शनिवार को कोटा के सिटी पार्क में आयोजित 'हाड़ौती ट्रेवल मार्ट 2026' के दूसरे दिन शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉल्स का बारीकी से निरीक्षण किया और होटल इंडस्ट्री व टूर ऑपरेटर्स के साथ संवाद कर हाड़ौती के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के रोडमैप पर चर्चा की।
कोटा में पहली बार बड़ा आयोजन: पर्यटन के लिए शुभ संकेत
मीडिया से बातचीत करते हुए दीया कुमारी ने कहा कि कोटा में पहली बार आयोजित यह ट्रेवल मार्ट हाड़ौती संभाग के पर्यटन के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा, "यह आयोजन हाड़ौती के लिए एक अच्छा संकेत है। इसमें देशभर के टूर एंड ट्रेवल्स इंडस्ट्री के दिग्गजों ने हिस्सा लिया है, जिससे कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां के ऐतिहासिक वैभव को नई पहचान मिलेगी।"
नया एयरपोर्ट बदलेगा हाड़ौती की तस्वीर
डिप्टी सीएम ने कोटा में बन रहे नए एयरपोर्ट को गेम चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ ही कोटा आने वाले समय में देश का एक बड़ा टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनेगा। वर्तमान में जानकारी के अभाव में कई पर्यटक यहाँ की खूबसूरत बावड़ियों, महलों और प्राकृतिक स्थलों तक नहीं पहुँच पाते, लेकिन ऐसे आयोजनों से सूचना का गैप खत्म होगा।
प्रदेश में विकसित हो रहे हैं नए 'टूरिज्म सर्किट'
पर्यटन विभाग की रणनीति साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार पूरे राजस्थान में नए टूरिज्म सर्किट विकसित कर रही है। दीया कुमारी ने कहा, "हमारा ध्यान केवल पारंपरिक पर्यटन पर ही नहीं, बल्कि धार्मिक (Religions) टूरिज्म पर भी है। राजस्थान के कण-कण में आस्था और इतिहास बसा है, जिसकी अपार संभावनाओं को हम तराश रहे हैं।"
विकेंद्रीकृत पर्यटन पर जोर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार पर्यटन के विकेंद्रीकरण (Decentralization) पर काम कर रही है। दीया कुमारी ने स्पष्ट किया कि जयपुर, जोधपुर और उदयपुर के अलावा अब हाड़ौती जैसे अनछुए क्षेत्रों को प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर लाना प्राथमिकता है। सिटी पार्क में लगे स्टॉल्स के माध्यम से यहाँ की स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को प्रमोट किया जा रहा है।