Politics

“अडाणी का ₹1,000 करोड़ का बॉन्ड 45 मिनट में सब्सक्राइब

अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) का ₹1,000 करोड़ का बॉन्ड सिर्फ 45 मिनट में ही पूरा सब्सक्राइब हो गया। इसमें निवेशकों को 8.9% तक का सालना ब्याज मिलेगा।

कंपनी का यह नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCD) यानी पब्लिक इश्यू मंगलवार (6 जनवरी) को सुबह 10 बजे खुला था। स्टॉक एक्सचेंज के डेटा के मुताबिक, ₹500 करोड़ का बेस इश्यू तो शुरुआती 10 मिनट में ही भर गया था।

इसके बाद ग्रीन-शू ऑप्शन के तहत बाकी ₹500 करोड़ के लिए भी एक घंटे से कम समय में ही बोलियां लग गईं। कंपनी इस फंड का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपना पुराना कर्ज चुकाने और बिजनेस विस्तार के लिए करेगी।

रिटेल निवेशकों के लिए इश्यू का 35% हिस्सा रिजर्व था

बॉन्ड इश्यू 19 जनवरी तक के लिए ओपन था, लेकिन यह 45 मिनट में ही पूरा सब्सक्राइब हो गया। ये डिबेंचर्स BSE और NSE पर लिस्ट होंगे, जिससे निवेशक जरूरत पड़ने पर इन्हें बेच भी सकेंगे।

रिटेल निवेशकों यानी, आम लोगों के लिए कुल इश्यू का 35% हिस्सा रिजर्व रखा गया था। यह कंपनी का तीसरा पब्लिक बॉन्ड इश्यू है। इससे पहले 2024 और 2025 के इश्यू को भी निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।

मिनिमम 10 हजार रुपए जरूरी; 2 से 5 साल तक के विकल्प

NCD में निवेश करने के लिए कम से कम 10,000 रुपए लगाने थे। इसके बाद 1,000 रुपए के मल्टीपल में निवेश बढ़ाया जा सकता था। कंपनी ने निवेशकों के लिए 24 महीने (2 साल), 36 महीने (3 साल) और 60 महीने (5 साल) के तीन टेन्योर (समय सीमा) तय किए।

इसमें ब्याज भुगतान के लिए तिमाही, सालाना और क्यूम्युलेटिव (मैच्योरिटी पर एक साथ) जैसे 8 अलग-अलग सीरीज के विकल्प हैं। इन बॉन्ड्स से मिलने वाला ब्याज आपकी इनकम में जोड़ा जाएगा और आपके टैक्स स्लैब के हिसाब से उस पर टैक्स लगेगा।