जयपुर: राजस्थान में प्रमोद शर्मा की गिरफ्तारी के बाद अब यह मामला महज एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि एक बड़े भूमाफिया गिरोह की ओर इशारा कर रहा है। जांच में सामने आया है कि प्रमोद शर्मा, भूमाफिया दीनदयाल चौधरी का सक्रिय सहयोगी है। इस खुलासे के बाद राजधानी के जमीनी विवादों और राजनीतिक रसूख के गठजोड़ पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
राज्यपाल ओम माथुर का पट्टा भी डीडी ने 'अटकाया'
दीनदयाल चौधरी का रसूख इतना बड़ा बताया जा रहा है कि उसने वीआईपी संपत्तियों पर भी अपनी पकड़ बना रखी है। सूत्रों के मुताबिक, सिक्किम के वर्तमान राज्यपाल ओम माथुर के मकान का पट्टा भी डीडी ने अपने प्रभाव के चलते अटका रखा है।
चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल के दौरान ओम माथुर ने व्यक्तिगत रूप से कई बार प्रयास किए, लेकिन डीडी के नेटवर्क के आगे सरकारी तंत्र बेबस नजर आया और पट्टा जारी नहीं हो सका।
बड़े-बड़े अधिकारियों के साथ 'लैंड बैंक' का खेल?
डीडी चौधरी पर आरोप है कि उनकी रणनीति विवादित जमीनों पर कब्जा करने या उन पर अपना प्रभाव जमाने की रही है। आरोप है कि डीडी ने कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और न्यायिक जगत के लोगों से संपर्क साधकर एक विशाल निजी “लैंड बैंक” खड़ा कर लिया है। प्रमोद शर्मा इसी गिरोह के लिए 'फ्रंट मैन' का काम कर रहा था। वह विवादित जमीनों को 'क्लियर' कराने का झांसा देकर डीडी के साम्राज्य और प्रभाव को विस्तार देने में जुटा था।
निर्मल चौधरी और प्रमोद की दोस्ती: रील्स से खुलेगा राज
इस मामले में राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी का नाम भी चर्चा में आ गया है। प्रमोद शर्मा के साथ सबसे ज्यादा रील्स और वीडियो निर्मल चौधरी के ही सामने आए हैं। एयरपोर्ट पर घूमते हुए, क्रिकेट खेलते, लग्जरी गाड़ियों के साथ और महंगी पार्टियों में दोनों की गहरी नजदीकियां साफ देखी जा सकती हैं। पुलिस अब निर्मल चौधरी की उन बड़ी और महंगी गाड़ियों के स्त्रोत की जांच कर सकती है, जिनका इस्तेमाल इन वीडियो में किया गया है।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि प्रमोद शर्मा खुद को भाजपा (BJP) विचारधारा से जुड़ा हुआ बताता है, जबकि निर्मल चौधरी कांग्रेस की विचारधारा के करीब माने जाते हैं। हालांकि, दोनों की वायरल तस्वीरों और वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि उनके बीच की 'व्यावसायिक दोस्ती' राजनीतिक विचारधारा से काफी ऊपर है।