Politics

महिला आरक्षण पर आर-पार: पीएम मोदी ने कहा- "विरोध करने वालों को नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी"

दिल्ली: देश की संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर सियासी पारा चरम पर है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल पर हो रही राजनीति को लेकर विपक्ष को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। वहीं, कांग्रेस और सपा जैसे विपक्षी दलों ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए इस बिल को केवल चुनावी पैंतरा करार दिया है।

 

"राजनीति की बू देखने वाले अपने परिणाम देख लें"

पीएम मोदी ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि जो लोग इस ऐतिहासिक कदम में राजनीतिक स्वार्थ ढूंढ रहे हैं, उन्हें पिछले चुनावी परिणामों को देख लेना चाहिए।

  • कड़ी चेतावनी: पीएम ने कहा, 'देश में जब-जब चुनाव आए हैं, महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने वालों का हाल बुरा हुआ है। उन्हें कभी माफी नहीं मिली। इसलिए इसे राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है, वरना जो नुकसान हो रहा है उससे बच नहीं पाओगे।'

  • नीति और नियत: उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर हमारी नीयत में खोट रही, तो देश की नारी शक्ति हमें कभी माफ नहीं करेगी।

 

प्रियंका गांधी का तंज: "बहकाने वाले पुरुषों को महिलाएं पहचान लेती हैं"

प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन पर तीखा हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि "वे (पीएम) कह रहे हैं कि उन्हें श्रेय नहीं चाहिए। मैं कहती हूं कि बार-बार बहकाने वाले पुरुषों को महिलाएं अच्छी तरह पहचान लेती हैं। सावधान हो जाइए, वरना पकड़े जाएंगे।"

 

पीएम मोदी का 'क्रेडिट कार्ड' ऑफर: "ले लो ब्लैंक चेक"

विपक्ष की ओर सेर श्रेय लेने की होड़ पर पीएम ने दिलचस्प अंदाज में जवाब दिया। पीएम ने कहा, "मैं क्रेडिट का ब्लैंक चेक देने को तैयार हूं। जैसे ही यह बिल पारित हो जाए, मैं विज्ञापन देकर सबको धन्यवाद देने को तैयार हूं। सबकी फोटो छपवा देंगे। हमें क्रेडिट नहीं चाहिए, बस नारी शक्ति को उनका हक मिलना चाहिए।' उन्होंने कहा कि दशकों से महिलाओं को उनके हक से रोका गया है, आज उस 'अपराध' से मुक्ति पाने और प्रायश्चित करने का अवसर है।

 

"काले कपड़े नजर का टीका": DMK पर निशाना

संसद में परिसीमन और बिल की प्रक्रिया का विरोध करने के लिए काले कपड़े पहनकर पहुंचे DMK सांसदों पर भी पीएम ने चुटकी ली। पीएम ने कहा, "हमारे यहां परंपरा है कि अच्छे काम में नजर न लगे, इसलिए काला टीका लगाया जाता है। मैं काले कपड़े पहनकर आए लोगों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इस शुभ कार्य को नजर से बचाने के लिए टीका लगाया है।

 

विपक्ष के अन्य प्रहार: अखिलेश यादव ने घेरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब बीजेपी 'नारी' को सिर्फ एक चुनावी नारा बनाने की कोशिश कर रही है।

  • संगठन पर सवाल: अखिलेश ने पूछा, "जिन्होंने आज तक नारी को अपने संगठन में उचित स्थान नहीं दिया, वे उसके मान-सम्मान की रक्षा कैसे करेंगे?"

 

गारंटी और वादे की भाषा

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि वे देश को 'गारंटी' और 'वादा' देते हैं कि महिलाओं को उनका हक मिलकर रहेगा। उन्होंने कहा, "जब नीयत साफ होती है, तो शब्दों का खेल करने की जरूरत नहीं पड़ती। चाहे कोई भी भाषा हो, संदेश स्पष्ट है– नारी शक्ति का वंदन होकर रहेगा।"

Similer Posts