मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे का समय और कार्यक्रम इस प्रकार तय किया गया है:
सुबह 09:30 बजे: दिल्ली से जोधपुर के लिए विशेष विमान से रवाना होंगे।
सुबह 10:40 बजे: जोधपुर वायुसेना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहाँ से वे पुराने टर्मिनल के रास्ते नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का रुख करेंगे।
सुबह 10:50 से 11:10 बजे: नए टर्मिनल पर लगभग 20 मिनट रुकेंगे। इस दौरान वे 2 मिनट की एक वीडियो प्रेजेंटेशन देखेंगे, भव्य टर्मिनल का अवलोकन करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों व विधायकों से मुलाकात करेंगे।
सुबह 11:20 बजे: जोधपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए पचपदरा के लिए उड़ान भरेंगे।
दोपहर 12:00 बजे: पचपदरा पहुंचकर राजस्थान रिफाइनरी परियोजना का लोकार्पण और निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
दोपहर 02:00 बजे: करीब दो घंटे के मुख्य कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री पचपदरा से वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन से ठीक पहले राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को पचपदरा पहुंचकर रिफाइनरी परिसर में तैयारियों की अंतिम समीक्षा की। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2 बजे मंडापुरा पहुंचे, जहाँ उन्होंने एचपीसीएल (HPCL) के आउटलेट का उद्घाटन किया और पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वे शाम करीब 6 बजे तक रिफाइनरी परिसर में मौजूद रहे और पल-पल की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद सीएम जोधपुर के लिए रवाना हो गए, जहाँ वे रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं, राज्य मंत्री के.के. विश्नोई भी बालोतरा में अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस और प्रशासन ने कमर कस ली है। जोधपुर रेंज के आईजी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आस-पास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल और सुरक्षा कार्मिकों को तैनात किया गया है।
वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा जांच के लिए अलग-अलग स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और प्रशासन द्वारा नया रूट प्लान भी जारी किया गया है।