Politics

बांसवाड़ा पहुंचे सांसद राजकुमार रोत, कांग्रेस को दी चुनौती; विधायक पटेल के मामले को बताया साजिश

बांसवाड़ा। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के सांसद राजकुमार रोत शनिवार को पहली बार बांसवाड़ा पहुंचे, जहां एमपी-राजस्थान सीमा के बारी घाटा से लेकर दानपुर, छोटी सरवन, कटुम्बी, नापला, पाड़ला चौकी, राजा बांसिया चरपोटा मूर्ति स्थल और माही कॉलोनी स्थित सांसद सुविधा केंद्र तक पार्टी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान सांसद रोत ने कांग्रेस नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीया के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें 309 बीएपी कार्यकर्ताओं को जयपुर ले जाकर कांग्रेस में शामिल कराने की बात कही गई थी। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि दावा सही है तो 309 लोगों की सूची सार्वजनिक की जाए।

रोत ने कहा कि जिन लोगों को बीएपी कार्यकर्ता बताया जा रहा है, उनमें पार्टी के केवल दो-तीन पूर्व कार्यकर्ता थे, जिन्हें काफी पहले ही संगठन से निष्कासित किया जा चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल के कथित फर्जी डिग्री मामले पर भी सांसद रोत ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद से ही पटेल के खिलाफ लगातार साजिश रची जा रही है। पहले एसीबी ट्रैप के जरिए उन्हें फंसाने का प्रयास किया गया और अब फर्जी डिग्री का मामला उछाला जा रहा है।

रोत ने दावा किया कि एसीबी ट्रैप कराने वाला व्यक्ति भाजपा का विधायक प्रत्याशी रह चुका है और वर्तमान में मंडल अध्यक्ष है। उनके अनुसार यह पूरी कार्रवाई पहले से तय रणनीति का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य बीएपी विधायक को राजनीतिक रूप से कमजोर करना है।

उन्होंने कहा कि यदि विधायक से कोई छोटी-मोटी त्रुटि हुई भी हो तो उसे अनावश्यक रूप से बड़ा मुद्दा बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बागीदौरा की जनता ने जयकृष्ण पटेल को जनादेश दिया है और विपक्ष उसी जनादेश को कमजोर करने के लिए लगातार षड्यंत्र कर रहा है। रोत ने भरोसा जताया कि जनता सच्चाई समझती है और ऐसे राजनीतिक प्रयास सफल नहीं होंगे।