बाड़मेर: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को बाड़मेर दौरे पर रहे। वे यहां धोरीमन्ना में किसान नेता स्व. गोरधनराम विश्नोई की मूर्ति अनावरण समारोह में शामिल होने आए थे। सुबह करीब 8 बजे वीरेंद्र धाम हॉस्टल पहुंचे पायलट ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के साथ नाश्ता किया और उनसे पढ़ाई व परिवार के बारे में जानकारी ली।
बातचीत के दौरान जब पायलट ने मुस्कुराते हुए छात्रों से कहा— "राजनीति में नहीं आना है, पढ़ाई करके अफसर बनना है", तो छात्र और पायलट दोनों ठहाके लगाकर हंस पड़े।
हॉस्टल में मीडिया से बातचीत करते हुए सचिन पायलट ने निकाय चुनाव और बीजेपी की अंदरूनी कलह पर जमकर निशाना साधा:
बीजेपी पर हमला: कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर पायलट ने पलटवार करते हुए कहा कि असल गुटबाजी तो बीजेपी में चल रही है, जहां एक-एक वार्ड से दो-दो प्रत्याशी पार्टी का सिंबल लेकर पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस की वापसी का दावा: पायलट ने कहा कि प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की समीक्षा कर रही है और कांग्रेस को वापस लाने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में बाड़मेर सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।
पायलट ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार चुनाव जीतने के लिए सरकारी तंत्र का पूरा दुरुपयोग कर रही है:
कैमरे में रिकॉर्ड है धांधली: जोधपुर और अलवर समेत कई स्थानों पर नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी भाजपा प्रत्याशियों के सिंबल दाखिल किए गए। यह सब सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है।
इलेक्शन कमीशन पर सवाल: उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि सब कुछ स्पष्ट होने के बावजूद निर्वाचन आयोग क्या कर रहा है। आयोग पूरी तरह से सरकार के दबाव में काम कर रहा है।
ओसियां की पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा के जोधपुर (मथानिया) में दिए गए धरने पर पायलट ने उनका पूरा समर्थन किया:
दिव्या का रुख सही: पायलट ने कहा कि दिव्या मदेरणा बिल्कुल सही मुद्दा उठा रही हैं। समय खत्म होने के बाद बीजेपी प्रत्याशियों के फॉर्म स्वीकार करना पूरी तरह अनुचित है।
साख बचाने की अपील: उन्होंने उम्मीद जताई कि जयपुर और दिल्ली में बैठे चुनाव आयोग के उच्च अधिकारी इस मामले पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेंगे, ताकि जनता का देश की निर्वाचन प्रणाली पर विश्वास बना रहे।
दिग्गज कांग्रेसी नेता रहे मौजूद
वीरेंद्र धाम हॉस्टल में नाश्ते और संवाद के दौरान सचिन पायलट के साथ क्षेत्र के कई प्रमुख कांग्रेसी दिग्गज मौजूद रहे। इनमें बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतु विधायक हरीश चौधरी, पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा, पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान शामिल थे।