Politics

“महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव: 29 में से 24 निगमों में भाजपा गठबंधन आगे, BMC में भी बहुमत की ओर”

महाराष्ट्र के नगर निगम चुनाव में भाजपा गठबंधन एकतरफा जीत की ओर है। रुझानों में 29 नगर निगमों में से 24 में भाजपा गठबंधन को बढ़त है। मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में भाजपा+शिवसेना (शिंदे) अलायंस कुल 227 सीटों में से 118 सीटों पर आगे चल रहा है।

इसके अलावा नागपुर, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपड़ी चिड़वाड और नासिक में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त है। लातूर और चंद्रपुर में कांग्रेस आगे चल रही है। परभणी नगर निगम में शिवसेना (उद्धव) को बढ़त है। वसई विरार में बहुजन विकास अगाड़ी (VBA) और मालेगांव में शिवसेना (शिंदे) आगे चल रही है।

शुक्रवार को नगर निगम चुनाव की सुबह 10 से काउंटिंग जारी है। राज्य में निगम चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग हुई थी। 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगर निगम की कुल 2869 सीटें हैं। इनमें से 68 उम्मीदवार निर्विरोध जीत हासिल कर चुके हैं।

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा- आज जश्न का दिन है। महाराष्ट्र में सभी नगर समितियों और नगर निगमों के लोगों ने पीएम मोदी की नीतियों, उनके राष्ट्रवाद और विकसित भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आशीर्वाद दिया है।

उन्होंने कहा कि यह जीत साफ दिखाती है कि लोग पाकिस्तान की सेना के धुन पर नाचने वालों को अपने वोटों से सबक सिखा रहे हैं। यह नतीजा राष्ट्रवादी ताकतों की जीत है। 

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में भाजपा गठबंधन को मिली बढ़त पर भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा क- आप सभी ने देखा कि आज बीजेपी गठबंधन ने BMC चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। यह दिखाता है कि PM मोदी के नेतृत्व में बीजेपी और NDA की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हमने केरल नगर निगम चुनावों में तिरुवनंतपुरम में पहली बार बहुमत हासिल किया। आज बीजेपी-NDA-महायुति को BMC चुनावों में अभूतपूर्व जीत मिली है, जो शायद एशिया का सबसे बड़ा नगर निगम है। बीजेपी इस जीत के लिए महाराष्ट्र के लोगों का धन्यवाद करती है।