महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार राज्य की नई उप-मुख्यमंत्री होंगी और वे राज्य की पहली महिला उप-मुख्यमंत्री भी होंगी। उन्हें शनिवार दोपहर 2 बजे एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया और वे शाम 5 बजे शपथ लेंगी।
सुनेत्रा पवार को पार्टी नेता चुनने के लिए विधान भवन में एनसीपी विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की बैठक हुई, जहाँ दिलीप वलसे पाटिल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा.
उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने 18 जून 2024 को राज्यसभा सांसद का पद संभाला था. यह इस्तीफा इसलिए आवश्यक था क्योंकि संविधान के अनुच्छेद 190(1) के अनुसार, कोई भी व्यक्ति एक ही समय में केंद्र की संसद (राज्यसभा) और राज्य सरकार में मंत्री नहीं रह सकता.
यह उप-मुख्यमंत्री पद अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में एक प्लेन क्रैश में मौत के बाद खाली हुआ था. पार्थ पवार ने शरद पवार के घर जाकर उन्हें मनाया और शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है, हालांकि शरद पवार की उपस्थिति अभी कंफर्म नहीं हुई है.
एनसीपी के सभी विधायकों को शाम 4:30 बजे राजभवन के लोकभवन में बुलाया गया है, जहाँ सुनेत्रा पवार शाम 5 बजे डिप्टी चीफ मिनिस्टर के तौर पर शपथ लेंगी. इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे.
लोकभवन में पिछला शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर 2024 को हुआ था, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने शपथ ली थी. अब 13 महीने 26 दिन बाद अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण हो रहा है.
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने इस घटना को एनसीपी का आंतरिक मामला बताया है और कहा कि अजित पवार के निधन से खाली पद को तुरंत भरा जाना चाहिए था. उन्होंने एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय पर भी टिप्पणी की, इसे उनका आंतरिक मामला बताया.