Sports

विदेशी फिगर स्केटर अनास्तासिया गुबानोवा ने पंजाबी गाने पर बर्फ पर स्केटिंग कर सोशल मीडिया पर मचाया धमाल

नई दिल्ली: रूसी फिगर स्केटर और ओलिंपियन अनास्तासिया गुबानोवा सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मशहूर पंजाबी गायक मोहम्मद सदीक के गीत ‘ना दे दिल परदेसी नूं’ पर बर्फ पर स्केटिंग करती नजर आ रही हैं।

गुबानोवा का कहना है कि पंजाबी गीतों की जोशीली बीट उन्हें प्रैक्टिस के दौरान खास ऊर्जा देती है। वीडियो में वह हर बीट पर अपने स्टेप्स और जंप्स की परफेक्ट मैचिंग कर रही हैं, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।

लाल ड्रेस और बिंदी में दिखा देसी अंदाज
विदेशी स्केटर होने के बावजूद अनास्तासिया ने भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान दिखाया। लाल ड्रेस और माथे पर सजी बिंदी ने उनके लुक को खास बना दिया। उनके हाव-भाव और प्रस्तुति में भारतीय अंदाज की झलक साफ दिखाई दी, जिससे भारतीय दर्शकों का खास जुड़ाव बना।

पंजाबी संगीत से मिली खास ऊर्जा
गुबानोवा ने जिस तरह पंजाबी गीत की थाप के साथ स्केटिंग की, वह देखने लायक था। संगीत और स्केटिंग का यह संगम वीडियो की लोकप्रियता की बड़ी वजह बना।

पहले भी किया है भारतीय संगीत पर परफॉर्म
यह पहला मौका नहीं है जब गुबानोवा ने भारतीय संगीत पर प्रस्तुति दी हो। इससे पहले वह शाहरुख खान की फिल्म ‘अशोका’ के गीत ‘सन सनाना’ पर भी परफॉर्म कर चुकी हैं, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

2023 की यूरोपीय चैंपियन
अनास्तासिया गुबानोवा 2023 की यूरोपीय चैंपियन रह चुकी हैं। उन्होंने 2024 और 2025 में लगातार दो बार यूरोपीय रजत पदक भी जीते। अपनी तकनीकी कुशलता के साथ-साथ वह ‘क्रिएटिव और एक्सपेरिमेंटल’ गानों के चयन के लिए जानी जाती हैं।

इस 32 सेकेंड के वायरल वीडियो ने फिगर स्केटिंग और भारतीय संगीत के अनोखे संगम को दर्शकों के सामने लाकर खूब वाहवाही बटोरी है।