एलिस पेरी को महिला क्रिकेट में दुनिया के महान क्रिकेटरों में से एक माना जाता है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 2012 और 2014 टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. पेरी ने ऑस्ट्रेलिया को 2013 वर्ल्ड कप में भी जीत दिलाई थी और 2014 तथा 2015 की महिला एशेज में उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था.
पेरी अपनी क्रिकेटिंग प्रतिभा के साथ-साथ बहुमुखी प्रतिभा के लिए भी जानी जाती हैं, क्योंकि उन्होंने क्रिकेट और फुटबॉल, दो अलग-अलग खेलों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया है. वह आखिरी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं जिन्होंने फीफा वर्ल्ड कप क्वार्टरफाइनल में गोल किया था. यह गोल उन्होंने 2011 फीफा वर्ल्ड कप में मैटिल्डास की स्वीडन के खिलाफ 1-3 की हार के दौरान किया था. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन पेरी ने अपनी टीम के लिए एकमात्र गोल किया था. उन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल टीम को अलविदा कह दिया.
आश्चर्यजनक रूप से, फीफा में उनके नॉकआउट गोल क्रिस्टियानो रोनाल्डो से ज्यादा हैं, क्योंकि रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप (2006, 2010, 2014, 2018 और 2022) के नॉकआउट स्टेज में एक भी गोल नहीं किया है. पेरी ने ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए 2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023 में टी20 विश्व कप खिताब जीता था. वहीं, वह दो बार वनडे विश्व कप खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया टीम का भी हिस्सा रही हैं.