Sports

IPL के 19वें सीजन का आगाज आज से होगा।

IPL के 19वें सीजन का आगाज आज से होगा। पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।

बेंगलुरु ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। वहीं, हैदराबाद प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। टीम छठे नंबर पर रही।

SRH ने RCB के खिलाफ 52% मैच जीते

RCB और SRH के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले गए। इसमें से 13 मैच हैदराबाद ने जीते, जबकि 11 मुकाबलों में बेंगलुरु को जीत मिली। मुकाबला टाई रहा, जिसे SRH ने सुपर ओवर में अपने नाम किया था। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 8 बार सामना हुआ। इसमें 5 बार RCB और 3 बार SRH को जीत मिली।

बेंगलुरु की टीम बैटिंग, बॉलिंग और ऑलराउंडर तीनों डिपार्टमेंट में बैलेंस्ड है। बैटिंग में विराट कोहली और फिल सॉल्ट जैसे शानदार ओपनर हैं। वहीं, देवदत्त पडिक्कल के लिए घरेलू सीजन कमाल का रहा है। पडिक्कल या वेंकटेश अय्यर इस बार नंबर तीन पर खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।

मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और जितेश शर्मा ने भी IPL 2025 में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। वहीं, रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या से इस सीजन भी टीम को धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वेंकटेश अय्यर के आने से टीम का बैटिंग ऑर्डर अब और भी ज्यादा संतुलित दिख रहा है। जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जैकब डफी अहम बॉलर होंगे।