Weather

राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 19 अगस्त से बारिश का दौर; 10 जिलों में यलो अलर्ट

राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार यानी 19 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा। विभाग ने 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 20 और 21 अगस्त को बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, जालोर, सिरोही, उदयपुर और प्रतापगढ़ के आसपास कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे इन इलाकों में लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली।

डिप्रेशन के प्रभाव से बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर आगे बढ़ेगा।

इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति से उत्तर दिशा में बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

भरतपुर और कोटा संभाग में ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 21 अगस्त के बीच भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

वहीं 20 से 23 अगस्त के दौरान भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश जिलों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

श्रीगंगानगर सबसे गर्म, माउंट आबू सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां रात का तापमान भी 29 डिग्री तक पहुंच गया। इसके चलते दिन के साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहा।

वहीं प्रदेश में सबसे कम तापमान माउंट आबू में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जयपुर में उमस ने किया परेशान

राजधानी जयपुर में सोमवार को मौसम साफ रहा। दिनभर तेज धूप के साथ उमस का असर देखने को मिला। पूरे जिले में बारिश नहीं हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

कोटा में हुई रिमझिम बारिश

कोटा में सोमवार सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर में आसमान में काली घटाएं छा गईं और शहर के कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। शाम 5:30 बजे तक 5.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

कोटा में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आने वाले दिनों में कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

अजमेर और उदयपुर में बदला मौसम

अजमेर में सोमवार को दिनभर गर्मी और उमस का असर रहा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को मौसम बदला और तेज हवाएं चलीं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि शहर में बारिश नहीं हुई।

उदयपुर में सुबह से बादल छाए रहे और मौसम सुहावना बना रहा। दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही जारी रही। यहां अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अलवर में अगले सात दिन बारिश के आसार

अलवर में सोमवार सुबह धूप निकलने के बाद गर्मी और उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार अलवर में अगले सात दिनों तक बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

फिलहाल राजस्थान में बारिश का मुख्य असर पूर्वी हिस्सों में रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में मानसून कमजोर रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति मौसम सिस्टम की दिशा और उसकी तीव्रता पर निर्भर करेगी।