Weather

राजस्थान में मार्च के आखिरी तक जारी रहेगी बारिश

राजस्थान में पिछले सप्ताह शुरू हुआ आंधी-बारिश का दौर मार्च के अंत तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में 26 से 31 मार्च के बीच दो अलग-अलग मौसमी प्रणालियों की संभावना जताई है। हालांकि, 24 और 25 मार्च को मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों में जयपुर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, कोटा, बारां और अजमेर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोटा में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई, जबकि झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर और बूंदी के इलाकों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। जयपुर शहर में 8MM, शाहपुरा में 5MM और जालसू में 1MM बारिश हुई, जिससे दिन के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट आई। जयपुर में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर और गंगानगर के इलाकों में 22 मार्च को हुई बारिश के बाद सोमवार को तापमान सामान्य रहा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अन्य शहरों में बीकानेर में 33, चूरू में 32.4, जैसलमेर में 33.4, जोधपुर में 34.3, गंगानगर में 32.5 और उदयपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अगले कुछ दिनों में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी और उत्तरी भागों में हल्की बारिश होने की संभावना है। एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 29 से 31 मार्च के दौरान सक्रिय हो सकता है, जिसके असर से राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश होने की संभावना है।