Weather

मुंबई पहुंचा मानसून: 12 दिन की देरी के बाद झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

मुंबई: देश में मानसून की सुस्ती अब पूरी तरह टूट चुकी है। तय समय से करीब 12 दिन की देरी के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को मुंबई पहुंच गया है। आमतौर पर मुंबई में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 11 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसने 23 जून को दस्तक दी है। मानसून के आते ही मुंबई और उसके आस-पास के उपनगरों में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए अलर्ट' जारी किया है।

 

इन राज्यों में आगे बढ़ा मानसून; गुजरात-एमपी और यूपी में जल्द होगी एंट्री

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल बनी हुई हैं:

  • यहां पहुंचा मानसून: दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कई नए इलाकों को अपने घेरे में ले चुका है।

  • आगामी दिनों का अनुमान: मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 2-3 दिनों के भीतर मानसून गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दस्तक दे देगा। इसके बाद अगले 3-4 दिनों में इसके उत्तर प्रदेश में भी प्रवेश करने की उम्मीद है।

 

दिल्ली में दिन में छाया अंधेरा, मध्य प्रदेश में आकाशीय बिजली से एक की मौत

मानसून की हलचल के बीच उत्तर और मध्य भारत के मौसम में भी भारी तब्दीली देखी जा रही है:

  • दिल्ली में आंधी: देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार दोपहर को अचानक तेज रफ्तार धूल भरी आंधी चली। आंधी इतनी भयंकर थी कि कुछ समय के लिए दिन में ही पूरी तरह अंधेरा छा गया और वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी।

  • एमपी-यूपी में नुकसान: मध्य प्रदेश के 17 जिलों में सोमवार को प्री-मानसून की तेज बारिश दर्ज की गई। इस दौरान छतरपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लड़कियां गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनमें से एक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के 6 शहरों में सोमवार दोपहर बाद मौसम बदला। बस्ती जिले में आंधी-बारिश के कारण कई पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए, जबकि एक भारी पेड़ कार पर जा गिरा।

 

हैदराबाद जलमग्न, कॉलोनियों में भरा पानी; केथीरेड्डीपल्ली में 13 सेमी बारिश

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद और आस-पास के इलाकों में मानसून आफत बनकर बरसा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है:

  • थम गई रफ्तार: हैदराबाद में हुई भीषण बारिश के बाद कई मुख्य सड़कों और रिहायशी कॉलोनियों में पानी भर गया। जलजमाव के कारण ट्रैफिक जाम हो गया और कई इलाकों में सुरक्षा के लिहाज से बिजली गुल रही।

  • रिकॉर्ड बारिश: मंगलवार सुबह 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, केथीरेड्डीपल्ली में सबसे ज्यादा 12.9 सेंटीमीटर (सेमी), चंदानगर में 12.7 सेमी और लिंगमपल्ली में 11.7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को तेलंगाना के जगतियाल, राजन्ना सिरसिल्ला, मेडक और कामारेड्डी जिलों में 'भारी से अति भारी' बारिश का अलर्ट जारी किया है।

 

दिल्ली-पंजाब को जुलाई तक करना होगा इंतजार, देश में अब तक 43% कम बरसे बादल

भले ही मानसून ने रफ्तार पकड़ ली हो, लेकिन देश के कई हिस्सों को अभी भी अच्छी बारिश के लिए लंबा इंतजार करना होगा:

  • इन राज्यों में देरी: मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर प्रदेश के मुख्य हिस्सों को पूर्ण मानसून के लिए अभी एक हफ्ता और इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में मानसून की अधिकारिक एंट्री के लिए जुलाई के पहले सप्ताह तक का इंतजार करना होगा।

  • बारिश का कोटा अधूरा: मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार तक देशभर में सामान्य तौर पर होने वाली 106 मिमी बारिश की तुलना में इस सीजन में अब तक सिर्फ 60.6 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। यानी देश में अभी भी सामान्य से करीब 43% कम बारिश हुई है, जिसकी भरपाई जुलाई महीने में होने की उम्मीद है।

Similer Posts