दक्षिण अमेरिकी देश वेनेज़ुएला में अचानक हुए तेज धमाकों ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिसकी पुष्टि अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने की है। सूत्रों के अनुसार धमाके केवल कराकास तक सीमित नहीं रहे, बल्कि मैक्वेटिया शहर के पास स्थित ला गुआइरा पोर्ट क्षेत्र में भी विस्फोट और आग की खबरें सामने आई हैं। यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि यहां प्रमुख बंदरगाह और हवाई गतिविधियां संचालित होती हैं।
धमाकों के तुरंत बाद हालात गंभीर हो गए और वेनेज़ुएला का एयरस्पेस लगभग खाली हो गया। कई विमानों ने सुरक्षा कारणों से अपने रूट बदल लिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर पड़ा। इसके बाद अमेरिका ने सुरक्षा कारणों से अपने सभी नागरिक विमानों के लिए वेनेज़ुएला के एयरस्पेस में प्रवेश पर रोक लगा दी है। फेडरल एविएशन अथॉरिटी ने नोटिफिकेशन में सुरक्षा जोखिमों का हवाला दिया। हालांकि यह पाबंदी अमेरिकी सैन्य विमानों और हेलीकॉप्टरों पर लागू नहीं होगी।
वेनेज़ुएला में धमाकों पर कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस समय कराकास पर बमबारी हो रही है और पूरी दुनिया को सतर्क हो जाना चाहिए। उनके अनुसार वेनेज़ुएला पर हमला हुआ है और मिसाइलों के जरिये बमबारी की जा रही है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा कि ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स और संयुक्त राष्ट्र को तुरंत आपात बैठक बुलानी चाहिए।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर कराकास पर हमले की पुष्टि होती है तो यह पूरे लैटिन अमेरिका के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। वेनेज़ुएला पहले से ही राजनीतिक और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे में किसी बाहरी हमले की आशंका क्षेत्रीय अस्थिरता को और बढ़ा सकती है। फिलहाल वेनेज़ुएला सरकार की ओर से आधिकारिक सैन्य या हमले संबंधी पुष्टि नहीं आई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और पड़ोसी देशों की प्रतिक्रियाओं से हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।