अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष का आज 15वां दिन है। इस बीच, ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातमी ने हिंद महासागर में ईरान के युद्धपोत IRIS डेना पर हुए अमेरिकी हमले का जवाब देने की बात कही है, जिसमें 104 नौसैनिकों की मौत हो गई थी।
ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA के अनुसार, यह हमला 4 मार्च, 2026 की सुबह हिंद महासागर में श्रीलंका के गाले शहर के पास हुआ था, जब जहाज भारत में MILAN 2026 नौसैनिक सैन्य अभ्यास पूरा करके वापस लौट रहा था।
ईरान के अधिकारियों ने बताया है कि खार्ग द्वीप से तेल निर्यात सामान्य रूप से जारी है और अमेरिका द्वारा सैन्य ठिकानों पर हमले के बावजूद तेल कंपनियों की गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा है। यह द्वीप ईरान के कुल तेल निर्यात का 90 प्रतिशत से अधिक संभालता है।
इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर के पास सी-रैम एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़ी एक यूनिट को मिसाइल से निशाना बनाए जाने की खबर है, हालांकि किसी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। ईरान समर्थित सशस्त्र समूह "इस्लामिक रेजिस्टेंस" पहले भी इराक में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना चुके हैं और उन्होंने अमेरिकी सैन्य या खुफिया कर्मियों को निशाना बनाने की जानकारी देने वाले को 1 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने लेबनान और इजराइल के बीच संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत की मेजबानी करने की पेशकश की है। मैक्रों ने लेबनानी नेताओं से बात की और बताया कि वे इजराइल के साथ सीधी बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने इजराइल से सैन्य अभियान रोकने और हिजबुल्लाह से संघर्ष को बढ़ाने वाली कार्रवाइयों को बंद करने का आग्रह किया है। मैक्रों ने इजराइल से युद्धविराम और एक स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने का भी आग्रह किया।