जोधपुर के बाद प्रधानमंत्री बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचे, जहां उन्होंने देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी सहित लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास किया।
पचपदरा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा:
"मैं आज सुबह से ही सोशल मीडिया देख रहा था। यहाँ का आर्किटेक्चर और इंटीरियर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। चारों तरफ राजस्थान ही राजस्थान दिख रहा है।"
पीएम मोदी ने कहा कि यह नया टर्मिनल मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को एक नई गति देने का काम करेगा।
जोधपुर एयरपोर्ट से उड़ान योजना के नए चरण की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसका सीधा फायदा दूर-दराज के क्षेत्रों को मिलेगा। इस योजना के तहत छोटे-छोटे शहरों को बेहतर एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा, जिससे आम नागरिकों के लिए हवाई सफर और आसान होगा।
इस ऐतिहासिक पल पर प्रधानमंत्री के साथ राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने मिलकर नए टर्मिनल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जोधपुर का यह नया एयरपोर्ट पूरी तरह आधुनिक सुख-सुविधाओं और राजस्थानी संस्कृति का बेजोड़ मेल है। मेट्रो अधिकारियों और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार इसकी मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:
लागत और क्षेत्रफल: इस भव्य टर्मिनल को तैयार करने में 480 करोड़ रुपए की लागत आई है। यह पूरा परिसर 37 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।
विशाल आकार: नया टर्मिनल भवन 24,000 वर्गमीटर में बना है, जो कि महज 3,900 वर्गमीटर के पुराने टर्मिनल से 6 गुना बड़ा है।
यात्री क्षमता: इस नए भवन के शुरू होने से एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में 10 गुना तक की बढ़ोतरी हो जाएगी।
एयरोब्रिज की सुविधा: यात्रियों की सुविधा के लिए एंट्री गेट से सीधे फ्लाइट में जाने के लिए 6 अत्याधुनिक एयरोब्रिज बनाए गए हैं।
यह नया टर्मिनल केवल आधुनिक सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी प्रदर्शित करता है। टर्मिनल के भीतर पर्यावरण की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाली महान अमृता देवी और मारवाड़ के रक्षक वीर दुर्गादास राठौड़ की खूबसूरत पेंटिंग्स लगाई गई हैं, जो यहाँ आने वाले यात्रियों को राजस्थान के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराएंगी।
इससे पहले सुबह केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी नए टर्मिनल का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा था कि इस सौगात को लेकर पूरा 'जोधपुर खूब उत्साहित है'।