टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे घटी। विमान में 150 इजराइली नागरिकों सहित लगभग 180 यात्री सवार थे।
फ्लाइट रडार डेटा और चश्मदीदों के अनुसार, कॉकपिट के भीतर अचानक पायलट और को-पायलट के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई:
विमान को क्रैश करने की कोशिश: आरोप है कि को-पायलट ने साथी पायलट पर चाकू से वार किया और प्लेन को सीधे जमीन की तरफ मोड़कर क्रैश कराने का प्रयास किया।
तेजी से घटी ऊंचाई: हमले के कारण प्लेन अनियंत्रित हो गया और महज एक से दो मिनट के भीतर 34,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से गिरकर सीधे 16,600 फीट पर आ गया। अचानक विमान के नीचे गिरने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
कॉकपिट में हंगामे के बीच विमान से तुरंत आपातकालीन सिग्नल भेजे गए:
7700 और 7500 कोड: विमान से सबसे पहले इमरजेंसी का संकेत देने वाला 'Code 7700' भेजा गया। इसके महज कुछ ही सेकंड बाद कॉकपिट से 'Code 7500' प्रसारित किया गया, जो अंतरराष्ट्रीय विमानन में 'प्लेन हाईजैक' का आधिकारिक इमरजेंसी कोड है।
इजराइल ने भेजे फाइटर जेट्स: हाईजैक अलर्ट मिलते ही इजराइली वायुसेना ने तुरंत अपने फाइटर जेट्स को रवाना कर दिया।
इजराइली मीडिया रिपोर्टों में यात्रियों के हवाले से बताया गया है कि जब विमान अचानक नीचे की ओर गोता लगाने लगा, तो अगली सीटों पर बैठे कुछ इजराइली यात्री तुरंत कॉकपिट की ओर दौड़े:
हमलावर को दबोचा: यात्रियों और मुख्य पायलट ने मिलकर हमलावर को-पायलट से हाथापाई की और उसे खींचकर कॉकपिट से बाहर निकाला।
सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग: खुशकिस्मती से विमान में सादे कपड़ों में दो ऑफ-ड्यूटी पायलट भी सफर कर रहे थे। उनमें से एक ने तुरंत कॉकपिट में जाकर विमान का कंट्रोल संभाला। फाइटर जेट्स की निगरानी में फ्लाइट का रूट बदला गया और उसे सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
फिलहाल सऊदी अरब के अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी को-पायलट को हिरासत में ले लिया है और कॉकपिट में हुए इस खूनी संघर्ष व विवाद के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।