थाई फायर ब्रिगेड विभाग के अनुसार, उन्हें रात करीब 12 बजे बार में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी और बार का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया था।
घटनास्थल पर मौजूद एक संगीतकार (म्यूजीशियन) ने बताया कि बिजली जाने से कुछ क्षण पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। इसके तुरंत बाद तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ ही सेकंड में पूरा बार धुएं से भर गया।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक आग और धुएं से घबराकर लोग बाहर निकलने के लिए दौड़ पड़े, जबकि कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के पिछले हिस्से में स्थित टॉयलेट में छिप गए। लेकिन धुएं के कारण उनका दम घुट गया और कई लोगों की वहीं मौत हो गई।
हादसे के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी शवों को इमारत से बाहर निकाल लिया गया है और सरकार घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कर रही है। उन्होंने हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश भी दिए।
रिपोर्टों के मुताबिक यह बार बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित है और स्थानीय स्तर पर "रोंग बीयर ना लाट फ्राओ" के नाम से जाना जाता है। यह इलाका रेस्तरां और मनोरंजन गतिविधियों के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है। हादसे के समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ गई।
आग बुझने के बाद सामने आई तस्वीरों में बार के बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग रखे दिखाई दिए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और किसी को भी घटनास्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी। इमारत के भीतर का फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह जल चुकी थीं, जबकि छत के कुछ हिस्से भी ढह गए।
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने बताया कि बार की छत पर लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इमरजेंसी एग्जिट के पास कुछ लोग बेहोश मिले थे, जिससे आशंका है कि बाहर निकलने का रास्ता किसी कारणवश बाधित था।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी पहलुओं की पुष्टि फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि बार में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
घटना के दौरान कई स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की मदद की। मोटरसाइकिल चालक सुरिन जाइहार्न ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उसने जलते हुए बार से करीब पांच लोगों को बाहर निकाला और उनके शरीर पर लगी आग कपड़ों की मदद से बुझाई।
सुरिन ने कहा, "मैं बहुत दुखी हूं। मैंने कई लोगों को मरते देखा। जिन लोगों की मैंने मदद की, उनका क्या हुआ, मुझे नहीं पता।"
वहीं, फायर ब्रिगेड को सूचना देने वाले एक ड्राइवर ने स्थानीय अखबार डेली न्यूज को बताया कि उसने दो लोगों को बचाने के लिए बार की खिड़कियां तोड़ दी थीं, जिससे वे बाहर निकल सके।
थाई अधिकारियों ने कहा कि आग लगने के सही कारण, सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही और आपातकालीन निकास की स्थिति की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं। हादसे ने पूरे थाईलैंड को झकझोर दिया है और सरकार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के संकेत दिए हैं।