जयपुर: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार दोपहर अपने विशेष विमान से जयपुर पहुंचे। रूबियो के साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) भी इस दौरे पर मौजूद रहे। जयपुर एयरपोर्ट पर जब उनका स्वागत किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा— ‘हैव फन’ (Have Fun)। इसके बाद उनका काफिला सीधे विश्व प्रसिद्ध आमेर महल के लिए रवाना हुआ।
अमेरिकी विदेश मंत्री और उनकी पत्नी जैसे ही आमेर महल के मुख्य प्रवेश द्वार 'जलेब चौक' पहुंचे, वहां उनका पूर्णतः पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: इस खास मौके पर राजस्थान के लोक कलाकारों ने उनके सम्मान में चरी, घूमर, कालबेलिया और कच्छी घोड़ी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। रूबियो दंपत्ति लोक कलाकारों के इस हुनर और राजस्थानी संगीत को देखकर बेहद उत्साहित नजर आए।
आमेर महल के अधिकृत गाइड महेश कुमार शर्मा ने अमेरिकी विदेश मंत्री को आमेर के गौरवशाली इतिहास और स्थापत्य कला की बारीकियों से रूबरू कराया:
महल की खूबसूरती को सराहा: गाइड ने उन्हें महल के ऐतिहासिक शीश महल, भव्य गणेश पोल, दीवाने आम, दीवाने खास, सुख निवास और महल के नीचे स्थित खूबसूरत मावठा झील के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ब्रिटिश प्रभाव देखकर हुए हैरान: गाइड महेश शर्मा ने बताया कि विजिट के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री आमेर महल के कुछ हिस्सों में ब्रिटिश इम्पैक्ट (प्रभाव) को जानकर थोड़े हैरान हुए। उन्होंने आमेर की वास्तुकला की जमकर तारीफ की और इसे एक "इन्क्रेडिबल पैलेस" (अविश्वसनीय महल) बताया। रूबियो दंपत्ति करीब 20 मिनट तक महल के ऐतिहासिक वैभव को निहारते रहे।
अमेरिकी विदेश मंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जयपुर जिला प्रशासन और पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए थे:
सैलानियों के लिए नो-एंट्री: मार्को रूबियो की विजिट के चलते सोमवार दोपहर 1:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक (करीब 4 घंटे) आमेर महल को आम और खास पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रखा गया था।
थमा रहा शहर का ट्रैफिक: दोपहर करीब 1:30 बजे जब उनका विशेष विमान आगरा से उड़कर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा, तो एयरपोर्ट से आमेर महल तक के करीब 19 किलोमीटर लंबे रूट (जिसमें व्यस्त जेएलएन मार्ग भी शामिल है) पर सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए आम यातायात (ट्रैफिक) को रोक दिया गया था।