सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा के मंगेतर आकाश सनसनवाल और कांग्रेस नेता के बेटे समेत पांच लोगों को पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले चेकिंग के दौरान मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर काशी टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया है. इन सभी पर कार पर विधायक-सांसद का फर्जी स्टीकर लगाकर घूमने का आरोप है. परतापुर थाना पुलिस ने रविवार को यह कार्रवाई की.
गिरफ्तार किए गए लोगों में अंजली अरोड़ा के मंगेतर आकाश सनसनवाल (कटवारिया सराय, थाना किशनगढ़, दिल्ली निवासी), कांग्रेस के पूर्व महासचिव राजवीर सिंह वर्मा के बेटे कर्मवीर सिंह (खतौली, मुजफ्फरनगर निवासी), आशीष चौधरी (नगला हुकुम सिंह, गौतमबुद्धनगर निवासी), कपिल प्रजापति (रोहिणी, दिल्ली निवासी), और दानिश चौधरी (मसूरी, गाजियाबाद निवासी) शामिल हैं. पुलिस ने सभी पर धोखाधड़ी आदि की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उनकी कारों को सीज कर दिया है.
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को चेकिंग के दौरान दिल्ली से मेरठ की ओर आ रही एक स्कॉर्पियो को रोका गया, जिस पर विधायक का स्टीकर लगा था. जांच करने पर पास फर्जी पाया गया, जिसके बाद वाहन चालक आकाश सनसनवाल को हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा के मंगेतर हैं. आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
चेकिंग अभियान में हुई अन्य कार्रवाई:
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि सिवाया टोल, परतापुर टोल, भूनी टोल और मवाना टोल प्लाजा सहित अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई.
* थाना परतापुर पुलिस: काशी टोल प्लाजा पर फर्जी एमपी/एमएलए स्टीकर लगाने पर चार मामले दर्ज किए. तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के तीन मामलों में सात प्राथमिकी दर्ज कर सात वाहन सीज किए गए और 40 वाहनों के चालान काटे गए.
* थाना दौराला पुलिस: सिवाया टोल प्लाजा पर एक वाहन पर फर्जी स्टीकर मिलने और अवैध शराब बरामद होने पर दो मामले दर्ज किए. एक वाहन सीज किया और 15 वाहनों के चालान किए गए.
* थाना सरूरपुर पुलिस: भूनी टोल प्लाजा पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के दस मामलों में प्राथमिकी दर्ज की. एक वाहन सीज किया गया और 17 वाहनों के चालान काटे गए.
* थाना मवाना पुलिस: मवाना टोल प्लाजा पर ओवर हाइट वाहनों के संबंध में एक मामला दर्ज किया. दो वाहन सीज किए और 24 वाहनों के चालान किए गए.
एक अन्य घटना में, काशी टोल प्लाजा पर सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना की टीम ने एक कार को रोका, जिस पर 'एमएलए' का पास लगा था और शीशों पर काली फिल्म लगी थी. पुलिसकर्मियों के पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि उसका एक करीबी रिश्तेदार एमएलए है. तभी आरोपी कार दौड़ाकर टोल का बैरियर तोड़कर भाग गया. सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि फुटेज और कार नंबर से आरोपी की तलाश की जा रही है.