Crime

तराना हिंसा मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, बाजार बंद, जुमे की नमाज सुरक्षा में

उज्जैन के तराना में गुरुवार रात को हुआ विवाद शुक्रवार दोपहर बाद आगजनी में बदल गया। एक दुकान में आग लग गई। इसके बाद अज्ञात लोगों ने पूर्व पार्षद आजाद खान की बस जला दी। हालात तब और बिगड़ गए जब लोग एक-दूसरे पर पथराव करने लगे। इस बीच पुलिस से भी बहस हुई। पथराव में एक युवक घायल हुआ है।

बता दें, तराना में रात को एक युवक से मारपीट के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए और 11 बसों में तोड़फोड़ की गई थी। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सुबह फिर से तराना थाने का घेराव किया। उन्होंने आरोपियों का जुलूस निकालकर उनके घर तोड़ने की मांग की।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा के नजरिए से शुक्रवार को बाजार बंद रखा गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। जुमे की नमाज सुरक्षा के बीच कराई गई। 

कुछ युवकों ने पीछे से सोहेल ठाकुर पर हमला कर दिया। उन्हें सिर में गंभीर चोट आई, प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उज्जैन रेफर किया गया। पुलिस ने सप्पन मिर्जा (मदारबड़ा), ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कुछ लोग बड़ी संख्या में तकिया गली से आए और नई बाखल के कई घरों में तोड़फोड़ की, जिसके बाद हिंदू समुदाय के लोग भी आक्रोशित होकर बाहर निकले और विरोध किया। कुछ महिलाएं भी हथियार लेकर घरों से निकलीं। इसी गली में एक मंदिर में भी तोड़फोड़ की गई है। अभी भी मौके पर भीड़ जमा है। लोग जय श्रीराम के नारे लगा रहे हैं। पुलिस हालत में काबू पाने की कोशिश कर रही है।