जैसलमेर: नए साल के जश्न के बीच जैसलमेर जिले के नाचना क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बुधवार शाम लगभग 8 बजे एक पाकिस्तानी नागरिक को घुसपैठ करते हुए पकड़ा। 72वीं बटालियन के जवान गश्त पर थे, तभी उन्होंने हल्के कोहरे में सीमा पार से भारतीय क्षेत्र की ओर आते युवक को देखा।
जवानों ने तुरंत घेराबंदी की और जैसे ही युवक भारतीय सीमा में दाखिल हुआ, उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल बीएसएफ और खुफिया एजेंसियां उसकी गहन पूछताछ कर रही हैं। सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि गणतंत्र दिवस से पहले पकड़े गए युवक के जासूस होने का शक है।
'ऑपरेशन अलर्ट' के तहत पकड़े गए युवक को पास की बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) पर लाया गया, जहां प्रारंभिक पूछताछ शुरू की गई। युवक ने अपना नाम इशरत (35), पुत्र राणा मोहम्मद असलम बताया और कहा कि वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा जिले का निवासी है। पूछताछ के दौरान वह डर और सहम का शिकार नजर आया।
बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, तलाशी में उसके पास कोई हथियार, नक्शा, दस्तावेज या आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। पूछताछ के दौरान उसका व्यवहार अस्थिर रहा और उसने बार-बार अपने बयान बदले। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है ताकि मानसिक स्थिति की पुष्टि हो सके।
फिलहाल सभी सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी उसकी 'संयुक्त पूछताछ' कर रहे हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे नाचना थाना पुलिस को सौंपा जाएगा।