Crime

दिल्ली पुलिस की लेडी कमांडो की डंबल मारकर हत्या

हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली दिल्ली पुलिस में तैनात लेडी कमांडो की उसके पति ने सिर में डंबल मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति ने पत्नी के भाई (साला) को फोन कर वारदात की जानकारी दी। उसने कहा- मेरे से यह मर गई है। तू फटाफट दिल्ली आ जा।

मृतका की पहचान सोनीपत के गांव बड़ी की रहने वाली काजल के रूप में हुई है। उसके भाई निखिल ने आरोप लगाया है कि काजल के पति अंकुर ने हत्या से पहले काजल से झगड़ा किया था। इसकी जानकारी काजल ने ही दी थी। उसने अपनी जिंदगी की कई जानकारियां शेयर की थीं।

काजल ने बताया था कि उसे उसके ससुराल वाले रंग को लेकर ताना मारते थे और काली बहू कहते थे। वह अपने पति के कुछ राज जानती थी, जिससे उसका पति डरता था कि कहीं खुलासा न हो जाए। इसके चलते काजल की हत्या की गई। मौत के समय काजल 5 माह की प्रेग्नेंट थी। आरोपी पति अंकुर को दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।

पानीपत कॉलेज में प्यार से दिल्ली में मर्डर तक की कहानी

  • कॉलेज से शुरू हुई थी काजल-अंकुर की प्रेम कहानी: काजल के भाई निखिल के अनुसार, काजल पानीपत के आर्य कॉलेज में बीएससी कंप्यूटर साइंस की स्टूडेंट थी। साल 2020 में उसकी मुलाकात गन्नौर के रहने वाले अंकुर से हुई, जो उस समय एसडी कॉलेज में पढ़ रहा था। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और प्यार हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे, हालांकि शुरुआत में दोनों परिवार इसके खिलाफ थे।
  • परिवारों की सहमति से लव कम अरेंज मैरिज की: काजल ने अपने परिवार से साफ शब्दों में कह दिया था कि वह शादी करेगी, तो अंकुर से, वरना नहीं करेगी। बेटी की जिद के आगे परिवार झुक गया। अंकुर के परिवार ने भी हामी भरी और रिश्ता लेकर काजल के घर पहुंचे। 23 नवंबर 2023 को दोनों परिवारों की सहमति से लव कम अरेंज मैरिज हुई।