तेलंगाना के विकाराबाद जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जो पारिवारिक रिश्तों को झकझोर कर रख देती है. जहां एक युवती ने अपने माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी और वो भी सिर्फ इसलिए क्योंकि वे उसके इंस्टाग्राम वाले प्रेमी के साथ अंतर्जातीय विवाह के लिए तैयार नहीं थे. आरोपी युवती खुद एक नर्स है और उसने अपनी पेशेवर जानकारी का इस्तेमाल करके अपने ही मां-बाप को मौत के घाट उतार दिया.
मामला विकाराबाद जिले के बंटवारम मंडल के याचारम गांव का है, जहां की निवासी और एक नर्सिंग होम में नर्स के रूप में काम करने वाली नाका सुरेखा का इंस्टाग्राम पर एक युवक के साथ दो साल से प्रेम संबंध था. जब सुरेखा ने उस युवक से शादी करने की इच्छा जताई, तो उसके माता-पिता ने इसे अपनी जाति से बाहर का विवाह बताते हुए कड़ा विरोध किया. मना करने के बाद भी जब माता-पिता नहीं मानें, तो सुरेखा ने अपने माता-पिता को रास्ते से हटाने का दिल दहला देने वाला फैसला लिया. पुलिस के अनुसार, सुरेखा ने अपने कार्यस्थल (नर्सिंग होम) से एनेस्थीसिया (एक प्रकार की बेहोशी की दवा) की शीशियां चुराईं. उसने घर पर अपने माता-पिता को शरीर में दर्द की शिकायत होने पर यह नुस्खा दिया कि यह इंजेक्शन उनके दर्द को कम कर देगा. माता-पिता अपनी बेटी पर भरोसा करके इंजेक्शन लगवाने के लिए तैयार हो गए. इसके बाद सुरेखा ने जानबूझकर उन्हें जानलेवा खुराक (ओवरडोज) दे दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई.
मृत्यु के बाद सुरेखा ने पूरे घर में हड़कंप मचा दिया और अपने भाई को फोन करके बताया कि माता-पिता की तबियत अचानक खराब हुई और उनकी प्राकृतिक मृत्यु हो गई. हालांकि, जब उसका भाई घर पहुंचा तो उसे पूरे मामले पर संदेह हुआ. भाई की शिकायत पर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो सुरेखा टूट गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. विकाराबाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है. यह पूरा मामला आज के दौर में सोशल मीडिया के प्रभाव और पारिवारिक विवादों के चरम पर पहुंचने की एक करुण कहानी है, जिसने सबके होश उड़ा दिए हैं.