जयपुर के गोविंदगढ़ में थार गाड़ी की टक्कर से स्कूटी सवार रिटायर सरकारी टीचर और वकील बेटे की मौत हो गई। वहीं पोता घायल हो गया। तीनों स्कूटी पर एक रिश्तेदारी में चौमूं से श्रीमाधोपुर जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे भदाला कट के पास ये हादसा हो गया।
गोविंदगढ़ थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया- मृतकों की पहचान सत्यनारायण सैनी (68) और उनके बेटे विजेंद्र सैनी (45) के रूप में हुई है। दोनों चौमूं कस्बे के वार्ड नंबर 1 के रहने वाले थे। वहीं विजेंद्र का बेटा मनवीर (9) घायल हुआ है।
विजेंद्र के ससुराल में जलवे का प्रोग्राम था। तीनों इसमें शामिल होने के लिए स्कूटी से श्रीमाधोपुर जा रहे थे। इसी दौरान भदाला कट के पास गलत दिशा से आ रही एक थार गाड़ी ने इनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
बच्चे का प्राथमिक उपचार किया गया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सत्यनारायण सैनी और विजेंद्र सैनी को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थार गाड़ी को जब्त कर लिया। थार सवार लोग हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया है। विजेंद्र 4 भाई है।विजेंद्र के एक बेटा और एक बेटी है। पुलिस थार सवार लोगों की तलाश कर रही है।