राजस्थान में कड़ाके की ठंड के बाद बारिश (मावठ) शुरू हो गई है। डीग में बुधवार रात से ही मौसम बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। गुरुवार सुबह-सुबह रिमझिम बारिश हुई। इसके साथ ही घना कोहरा छा गया। विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम रह गई है। शुक्रवार को 16 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट है।
सीकर, कोटा, जैसलमेर, करौली, अलवर सहित तमाम जिलों में भी गुरुवार सुबह कोहरा रहा। इससे गाड़ियों की रफ्तार थम गई थी। कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है। कई रूट की गाड़ियां एक से तीन घंटे देरी से चली।
सर्दी के चलते प्रदेश के 27 जिलों में गुरुवार को भी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। जोधपुर के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कर दिया गया है।
उधर, भीलवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात इनोवा कार और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें कार सवार दो लोग और ट्रैक्टर ड्राइवर घायल हो गए।प्रदेश में दिन में भी रात जैसी सर्दी का अनुभव हो रहा है। बुधवार को श्रीगंगानगर में दिन की सर्दी चित्तौड़गढ़ और डूंगरपुर में पड़ने वाली रात की सर्दी के समान रही।
राजधानी जयपुर भी शेखावाटी के फतेहपुर (सीकर), पिलानी (झुंझुनूं) और चूरू से ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में अगले 4-5 दिनों तक इसी तरह की कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। भीलवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात इनोवा कार और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
कोटड़ी रोड पर कोदूकोटा के पास हुए हादसे में ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। इनोवा कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे में इनोवा सवार 2 लोग और ट्रैक्टर ड्राइवर को चोटें आई हैं। हादसे का कारण कोहरे के कारण कम विजिबिलिटी माना जा रहा है। जैसलमेर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर सहित ग्रामीण इलाकों में कोहरे के कारण हालात खराब हैं। जिले के रामगढ़ कस्बे और आसपास के इलाकों में सुबह से ही घने कोहरे और गलन वाली सर्दी से लोग ठिठुर रहे हैं।
घने कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए। लोगों ने सर्दी से बचने के लिए जगह-जगह अलाव जलाए। तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा में गुरुवार सुबह शहर और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा।
सर्द हवाओं के चलते दिन में भी रात जैसी सर्दी का एहसास हुआ। सर्दी के कारण जिले में 8वीं कक्षा तक के स्कूल बंद रहे। स्कूल का समय सुबह 10 बजे से कर दिया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्र 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। बुधवार को अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री और न्यूनतम 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। दौसा के बांदीकुई सहित आस-पास के इलाकों में गुरुवार को घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी घटकर 30 मीटर रह गई। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। सुबह का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन में बाधा आई। रेलवे ने पटरियों पर पटाखे लगाकर और लोको पायलटों को फॉग डिवाइस सिस्टम उपलब्ध कराकर ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया।