Business

राजस्थान में आज तेज बारिश का अलर्ट, 24 जिलों में चेतावनी; कई इलाकों में जलभराव

जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम सिस्टम के असर से राजस्थान में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 24 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। दौसा, सवाई माधोपुर, झालावाड़ और जयपुर समेत कई जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर 6 सितंबर तक जारी रह सकता है।

सवाई माधोपुर में सड़कें बनीं दरिया

सवाई माधोपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी है। शहर के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं। मानपुर कस्बे के बाजार में सड़क पर नदी की तरह पानी बहता नजर आया। कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया

रणथंभौर के जंगलों में भी बारिश के बाद झरने पूरे वेग से बह रहे हैं। अमरेश्वर महादेव मंदिर का झरना भी तेज बहाव के साथ चल रहा है। वहीं रणथंभौर में शेरपुर-खिलचीपुर की रपट पर पानी आने से रास्ता बंद करना पड़ा।

गुरुवार को जिले में करीब 2 इंच तक बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के चलते तापमान में भी 5 से 6 डिग्री तक गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर को सवाई माधोपुर में यलो अलर्ट जारी किया है।

झालावाड़ में 5 गेट खोलकर पानी की निकासी

झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह करीब तीन घंटे तक तेज बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई। कालीसिंध डैम का एक और छापी बांध के चार गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।

अधिकारियों की ओर से जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जयपुर में छाए घने बादल

राजधानी जयपुर और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। मौसम में बदलाव के कारण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक नए सिस्टम के प्रभाव से भरतपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है।

तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट

बारिश और बादल छाने से पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अलवर, भीलवाड़ा, कोटा और करौली में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।

कोटा में सबसे कम अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

रावतभाटा में लगातार बारिश, बांध में बढ़ी पानी की आवक

चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा में रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी रुक-रुककर जारी रहा। राणा प्रताप सागर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 23.60 एमएम बारिश दर्ज की गई। बांध में लगातार पानी की आवक बनी हुई है।

कोटा के इटावा में भी गुरुवार शाम 5:30 बजे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली।

दौसा में बारिश से फसलों को फायदा

दौसा जिले के कई इलाकों में बीती रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। कई दिनों बाद हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है और खरीफ की फसलों के लिए बारिश को फायदेमंद माना जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक नए सिस्टम के चलते आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Similer Posts