City

चंदवाजी के निजी अस्पताल में सनसनीखेज घटना, आरोपी पिता हिरासत में; पुलिस ने शुरू की जांच

चंदवाजी (जयपुर ग्रामीण)। जयपुर-दिल्ली राजमार्ग स्थित चंदवाजी के एक निजी अस्पताल में बुधवार तड़के इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। बेटे की चाहत में एक पिता ने अपनी ही तीन दिन की नवजात बेटी की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी। इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह के अनुसार, नीमराणा निवासी रवि कुमार यादव अपनी गर्भवती पत्नी कोमल को 27 जुलाई को प्रसव के लिए चंदवाजी स्थित निजी अस्पताल लेकर आया था। मंगलवार को डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया, जिसमें कोमल ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

परिवार में पहले से ही दो बेटियां थीं। तीसरी संतान भी बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी पिता कथित रूप से परेशान हो गया। पुलिस के अनुसार, इसी मानसिकता के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

तड़के चार बजे वार्ड में पहुंचा आरोपी

अस्पताल में प्रसव के बाद मां कोमल को अलग वार्ड में रखा गया था, जबकि नवजात बच्ची को डॉक्टरों की निगरानी में दूसरे वार्ड में भर्ती किया गया था। बुधवार तड़के करीब 4 बजे जब अस्पताल में शांति थी, उसी दौरान रवि कुमार चुपचाप नवजात के वार्ड में पहुंच गया।

आरोप है कि उसने वहां अपनी तीन दिन की बेटी का गला दबा दिया। इसके बाद वह वहां से हट गया। कुछ समय बाद अस्पताल स्टाफ को बच्ची की हालत संदिग्ध लगी। जांच करने पर बच्ची की मौत की पुष्टि हुई, जिसके बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिता को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बेटी के प्रति भेदभाव पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव वाली मानसिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नवजात बच्ची, जिसने अभी दुनिया में कदम ही रखा था, उसके साथ हुई इस क्रूर घटना ने लोगों को झकझोर दिया है।

सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।