Cricket

ICC रैंकिंग में वैभव सूर्यवंशी की लंबी छलांग, 230 पायदान चढ़कर पहुंचे टॉप-50 में;

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने ICC की ताजा टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद सूर्यवंशी ने 230 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए पहली बार टॉप-50 बल्लेबाजों में जगह बना ली है।

ICC की ताजा रैंकिंग के अनुसार वैभव सूर्यवंशी 536 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया के 48वें नंबर के टी-20 बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय क्रिकेट में युवा प्रतिभाओं के उभरने के तौर पर देखा जा रहा है।

जिम्बाब्वे सीरीज में शानदार प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई टी-20 सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। उन्होंने तीन मैचों में 50.33 की औसत से 151 रन बनाए। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था।

सूर्यवंशी के इसी शानदार प्रदर्शन का फायदा उन्हें ICC रैंकिंग में मिला और वह सीधे 230 पायदान ऊपर पहुंच गए।

ईशान किशन टी-20 में नंबर-1 बल्लेबाज

टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के ईशान किशन शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। ईशान के पास 910 रेटिंग पॉइंट्स हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच के बाद वह 916 रेटिंग पॉइंट्स तक पहुंच गए थे।

इस दौरान उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के करियर के सर्वश्रेष्ठ टी-20 रेटिंग रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा था। विराट कोहली के नाम 909 और सूर्यकुमार यादव के नाम 912 रेटिंग पॉइंट्स का रिकॉर्ड रहा है।

हालांकि तीसरे टी-20 मैच में ईशान किशन केवल 29 रन बना सके, जिसके कारण उनकी रेटिंग में 6 अंकों की गिरावट आई।

टी-20 गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती टॉप-10 में इकलौते भारतीय

टी-20 इंटरनेशनल गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान 753 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नंबर-1 पर कायम हैं। पाकिस्तान के अबरार अहमद 736 अंकों के साथ दूसरे और इंग्लैंड के आदिल राशिद 710 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती टॉप-10 गेंदबाजों की सूची में शामिल एकमात्र भारतीय हैं।

शुभमन गिल बने वनडे के नंबर-1 बल्लेबाज

वनडे क्रिकेट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया है।

वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज खत्म होने के बाद रैंकिंग में बदलाव हुआ। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल के नहीं खेलने का फायदा शुभमन गिल को मिला और वह शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।

वनडे बल्लेबाजों की टॉप-4 रैंकिंग में तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। शुभमन गिल नंबर-1, विराट कोहली दूसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर हैं।

राशिद खान वनडे गेंदबाजी में शीर्ष पर कायम

वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान नंबर-1 स्थान पर बने हुए हैं। वहीं नामीबिया के बर्नार्ड शोल्ट्ज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्थान की छलांग लगाई और सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने नेपाल और नीदरलैंड के खिलाफ ICC वर्ल्ड कप लीग-2 ट्राई सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी।

ग्रीव्स और बाबर आजम को भी फायदा

टेस्ट रैंकिंग में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने बड़ी छलांग लगाई है। पाकिस्तान के खिलाफ त्रिनिदाद टेस्ट में लगातार पांच विकेट-मेडन ओवर फेंकने के बाद वह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में 21 स्थान ऊपर चढ़कर 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

वहीं पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने टेस्ट क्रिकेट में 32वां अर्धशतक लगाने के बाद चार स्थान की छलांग लगाई है और वह 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड शीर्ष स्थान पर कायम हैं, जबकि भारत के जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 बने हुए हैं।