अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 वनडे विश्व कप के क्वालिफायर टूर्नामेंट को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। ICC ने घोषणा की है कि विश्व कप क्वालिफायर मुकाबले 22 फरवरी 2027 से 23 मार्च 2027 के बीच खेले जाएंगे। हालांकि, अभी तक क्वालिफायर के आयोजन स्थल (वेन्यू) की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
2027 वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा। टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जाएगा। इस बार विश्व कप का प्रारूप भी बदला गया है और कुल 14 टीमें इसमें हिस्सा लेंगी।
नई व्यवस्था के तहत क्वालिफायर जीतने वाली टीम सीधे 14 टीमों के मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाएगी। वहीं क्वालिफायर में दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच ‘सुपर सीरीज’ खेली जाएगी। यह विश्व कप का शुरुआती चरण माना जाएगा, जहां से सफल टीम टॉप-12 चरण में प्रवेश करेगी।
2027 विश्व कप के मुकाबले 12 अलग-अलग स्टेडियमों में खेले जाएंगे। इनमें से 8 वेन्यू दक्षिण अफ्रीका में होंगे, जबकि जिम्बाब्वे को 3 और नामीबिया को 1 वेन्यू मिलेगा। यह पहली बार होगा जब नामीबिया किसी क्रिकेट विश्व कप की सह-मेजबानी करेगा।
विश्व कप क्वालिफायर में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें शामिल होंगी:
30 सितंबर 2026 तक ODI रैंकिंग में सबसे नीचे रहने वाली दो फुल मेंबर टीमें (दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को छोड़कर)
ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की शीर्ष चार टीमें
वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ की शीर्ष चार टीमें
इन टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होगा, क्योंकि विश्व कप में जगह बनाने के लिए हर मैच बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
दो बार की विश्व चैंपियन West Indies cricket team के लिए स्थिति एक बार फिर चुनौतीपूर्ण नजर आ रही है। 2023 विश्व कप में वेस्टइंडीज पहली बार क्वालिफाई नहीं कर सकी थी और अब 2027 विश्व कप के लिए भी टीम पर क्वालिफायर खेलने का खतरा मंडरा रहा है।
फिलहाल वेस्टइंडीज ODI रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। कट-ऑफ तारीख 30 सितंबर 2026 से पहले उसके पास भारत के खिलाफ सिर्फ दो वनडे मैच खेलने का मौका है। दूसरी ओर आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच होने वाली वनडे सीरीज के नतीजे भी कैरेबियाई टीम की स्थिति को प्रभावित कर सकते हैं।
यदि आयरलैंड बड़ी जीत दर्ज करता है और वेस्टइंडीज भारत के खिलाफ दोनों मैच जीतने में सफल रहती है, तो उसके शीर्ष-8 में पहुंचने की उम्मीद बनी रह सकती है। अन्यथा उसे एक बार फिर विश्व कप क्वालिफायर का कठिन रास्ता तय करना पड़ सकता है।
ICC का बड़ा ऐलान: 22 फरवरी से शुरू होंगे 2027 वर्ल्ड कप क्वालिफायर, वेस्टइंडीज पर फिर लटका क्वालिफिकेशन का खतरा